मथुरा के वृंदावन धाम की बात ही निराली है। तीर्थनगरी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मंदिरों में आस्था के विविध रूप देखकर भाव-विभोर होते हैं। कहीं फूल बंगला सजाया जाता है तो कहीं ठाकुरजी को नौका विहार कराया जाता है। इसी क्रम में बुधवार शाम को श्रीकृष्ण बलराम इस्कॉन मंदिर में ठाकुरजी को नौका विहार कराया गया। इस दिव्य और मनोहारी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में नौका विहार को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ठाकुरजी के जयकारों से गुंजायमान होता रहा।