वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे के बाद भी प्रशासन कोई सबक नहीं ले रहा। हालात अब भी वैसे हैं, जो हादसे से पहले थे। मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है। चिंताजनक बात यह है कि भीड़ को नियंत्रण करने के इंतजाम नहीं हैं। सोमवार को भी मंदिर और मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। भीड़ के कारण हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले मंगला आरती के दौरान बांकेबिहारी मंदिर में हुई भगदड़ के बाद भी कोई सबक नहीं लिया गया है। सोमवार को एकादशी होने के कारण ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ रही। सुबह के समय मंदिर और मंदिर के बाहर गलियों में भीड़ का भारी दबाव रहा। बांकेबिहारी पुलिस चौकी से मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते पर हालात ऐसे थे कि पैर रखने की भी जगह नहीं थी। वीआईपी रोड पर भी ऐसे ही हालात देखे गए।