उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पटियाली तहसील क्षेत्र के गंगा किनारे पशु चराने गए युवक को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। बताया गया कि युवक भैंस चराते समय वह नदी किनारे सोते के पास पानी निकालने के लिए गड्ढा बनाने लगा। उसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला बोला और जबड़ों में जकड़ लिया। हमले के दौरान युवक छटपटाता रहा, लेकिन बच नहीं सका। मगरमच्छ युवक को नदी मे खींच ले गया। पशु चरा रहे अन्य लोगों ने बताया कि खूंखार के सामने बेबस थे, कुछ भी नहीं कर सके।
16 घंटे बाद मिली लाश
ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर बुलाई गई। नदी में युवक को तलाशना शुरू कर दिया गया। करीब 16 घंटे बाद आज श्यामलाल नदी से मिल सका। शव को देख परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।