मथुरा के बलदेव क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक किसान की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बड़ी बेरहमी से इस वारदात को अंजाम दिया। कस्बा के चौथाई मोहल्ला निवासी योगेंद्र पांडेय दोपहर के वक्त साइकिल से खेत पर जा रहे थे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने हमला कर दिया। जान बचाकर योगेंद्र भागे तो हमलावरों ने सबसे पहले उनके पैरों पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया। किसान जब ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर चढ़ने का प्रयास करने लगा तो उसके कमर और सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीड़ित परिवार की ओर से छह नामजद और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।