जन्माष्टमी पर शुक्रवार की रात जहां एक तरफ मथुरा समेत पूरे ब्रज में कान्हा के जन्म का उत्सव मनाया जा रहा था, दूसरी तरफ वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव के कारण दो श्रद्धालुओं की जान चली गई। यह हादसा मंगला आरती के दौरान हुआ। यह वर्ष में सिर्फ एक बार जन्माष्टमी के अवसर पर होती है। मंगला आरती के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बांके बिहारी मंदिर में उमड़ी थी। इसी दौरान मंदिर के गेट नंबर एक और चार पर कई श्रद्धालु बेहोश होकर गिर गए, जिससे मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। किसी तरह पुलिस ने श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकाला। भीड़ के दबाव के कारण दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। हादसे के वक्त मंदिर में डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त समेत कई अफसर मौजूद थे, फिर भी भीड़ नियंत्रण के इंतजाम फेल हो गए। वीडियो में एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मोबाइल से वीडियो बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।