मथुरा में वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिन व दिन बढ़ती जा रही है। वहीं जन्माष्टमी पर मंगला आरती के दौरान हुआ हादसा भी एक बड़ा सबक है। ऐसे हालात नियंत्रित करने के लिए काशी विश्वनाथ की तरह कॉरिडोर की जरूरत अब महसूस की जा रही है। इसी के चलते अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने जिलाधिकारी मथुरा से वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर के स्वामित्व वाली जमीन से जुड़ा राजस्व रिकॉर्ड मांगा है।
मंदिर के नोटिस बोर्ड पर सूचना की गई चस्पा
सिटी मजिस्ट्रेट ने शासन के इस आदेश पर मंदिर के राजस्व साक्ष्य जुटाने के लिए मंदिर प्रबंधक, पुलिस, तहसील सदर और नगर निगम को निर्देशित किया है। मंदिर के नोटिस बोर्ड पर यह सूचना चस्पा की गई है, जिसमें मंदिर के सेवाधिकारियों से पांच बिंदुओं पर सुझाव देने को कहा है, जिसमें मंदिर के स्वामित्व के साथ दर्शनार्थियों की बढ़ती भीड़ से निपटने के उपाय भी शामिल हैं।