आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में फिसलन और जगह-जगह जलभराव के अलावा शनिवार को बारिश भी देश सेवा का जुनून लेकर अग्निवीर बनने पहुंचे नौजवानों के बुलंद हौसलों को नहीं डिगा पाई। सेना भर्ती के पांचवें दिन इटावा, जसवंत नगर और सिरसागंज तहसील के युवाओं ने दमखम दिखाया। गीले मैदान में दौड़े। शारीरिक दक्षता में अव्वल रहे। कुल 8900 युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 6550 ने भर्ती में भाग लिया। शुक्रवार रात 12 बजे से बारिश में भीगते हुए भर्ती के लिए युवा पहुंचे थे।
कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में 12 जिलों की सेना भर्ती प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक चलेगी। 1.75 लाख युवाओं ने भर्ती के लिए पंजीकरण कराया है। शनिवार को इटावा की इटावा व जसवंत नगर और फिरोजाबाद की सिरसागंज तहसील के युवाओं की भर्ती हुई। तीन दिन से खराब मौसम और मूलाधार बारिश के बीच युवाओं में देशसेवा का जज्बा कायम रहा।