आगरा में 21 दिवसीय सेना भर्ती मंगलवार को सिकंदरा के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज पर शुरू हो गई। अग्निपथ सेना भर्ती में आगरा समेत 12 जिलों मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, हाथरस और कासगंज के युवा शामिल हो रहे हैं। इसके लिए 1,75,219 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन कासगंज और ललितपुर जिले के युवाओं ने अग्निवीर बनने के लिए दौड़ लगाई। तो वहीं अब ललितपुर और झांसी के युवाओं की बारी है।
सड़क पर गुजारी रात
सोमवार सुबह से ही ललितपुर के युवाओं का आना शुरू हो गया था। ललितपुर के बरोंदा के सुरेंद्र, सेहत यादव, अनिल यादव, इंद्रजीत सिंह, आनंद ने बताया कि वह सोमवार रात को भर्ती में नहीं जा सके। इस पर मंगलवार को इंतजार कर रहे थे। रात में उनका नंबर आना था। रात सड़क पर सोकर गुजारी, जबकि दिन में कभी दीवार पर बैठे रहे तो कभी सड़क पर टहलते रहे। दिन में बारिश से बचने के लिए जगह नहीं मिली।