अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बृहस्पतिवार को आगरा के गायत्री पब्लिक स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मुख्य अतिथि एसपी सिटी विकास कुमार ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि किसी तरह की समस्या है तो हेल्पलाइन 1090 पर कॉल करें। 10 मिनट के भीतर पुलिस आपके पास पहुंचेगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के संतुलित इस्तेमाल के बारे में बताया तो उनके सवालों के जवाब देकर जिम्मेदार नागरिक बनने को प्रेरित किया।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि किस तरह से अनजान लिंक पर किया एक क्लिक उनके वॉलेट को खाली कर सकता है। बढ़ते साइबर क्राइम को देखते हुए उन्होंने पैसे के लेनदेन वाले उन्हीं एप का इस्तेमाल करने की सलाह दी, जोकि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर रजिस्टर्ड हैं। एसपी सिटी ने कहा कि आपके हाथ में दुनिया आ गई है तो उसका सही इस्तेमाल भी करें।