आगरा में लगातार तीसरे दिन भी बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। जीरो दृश्यता के साथ रात में कड़ाके की ठंड ने लोगों को गलन भरी सर्दी का एहसास करा दिया। कोहरे के कारण ताजमहल का रात में दीदार करने की ख्वाहिश रखने वालों को मायूस होना पड़ा। यमुना किनारे ताजमहल पर कोहरे की चादर शाम सात बजे से ही छा गई, जिससे रॉयल गेट के रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म से ताजमहल का दीदार नहीं हो पाया। रात में अंधेरा और कोहरे की चादर के कारण लोगों को ताज की झलक तक नजर नहीं आई। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि पर्यटकों की संख्या कम रही है। कोहरे को देखते हुए ही शरद पूर्णिमा से पहले बृहस्पतिवार के लिए टिकटों की बुकिंग कम हुई है। आज सुबह भी कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ सूरज पर बादलों का पहरा है। सुबह 10 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके।