ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) अथॉरिटी की 30 से ज्यादा बंदिशों और सुप्रीम कोर्ट की सीधी निगरानी के बाद भी आगरा देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में न केवल बना हुआ है, बल्कि शुक्रवार को तो देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी की गई सूची के मुताबिक शुक्रवार को कानपुर देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स-एक्यूआई) 390 रहा, जबकि दूसरे नंबर पर आगरा रहा, जहां एक्यूआई 355 दर्ज किया गया। इसके बाद गाजियाबाद (347) रहा।