उत्तर मध्य रेलवे के सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम) अभिषेक सिंह कुशवाहा की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव डीआरएम कार्यालय परिसर में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) कुलदीप मीणा के केबिन में सोफे पर पड़ा मिला।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
रेलवे में नौकरी के दौरान काम के दबाव और वरिष्ठ अधिकारी की कथित प्रताड़ना से अभिषेक सिंह कुशवाहा इस कदर परेशान थे कि पत्नी आस्था रानी से नौकरी छोड़ने तक की बात कहने लगे थे। वह कहते थे कि अब नौकरी करने का मन नहीं करता, नमक-रोटी खाकर गुजारा कर लेंगे या किसी निजी कंपनी में काम कर लेंगे। दबाव इतना है कि कभी भी हार्ट अटैक हो सकता है।
पत्नी का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें गाली देते थे और दक्षिण भारत भेजने के साथ जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देते थे। अभिषेक की मौत से चार साल के बेटे रुद्रांश और दो साल की बेटी मानवी के सिर से पिता का साया उठ गया। वह 2018 रेलवे में भर्ती हुए थे।
Trending Videos
विज्ञापन
उन्होंने कानपुर से बीटेक सिविल की पढ़ाई करने के बाद एमए किया था। प्रयागराज में उन्होंने सीधे स्टेशन मास्टर (एसएम) के पद पर नौकरी शुरू की थी। करीब चार महीने पहले पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण आगरा मंडल में हुआ था। वे रेलवे ट्रांजिट हाउस में पत्नी आस्था रानी, चाची सुशीला और दोनों बच्चों के साथ रह रहे थे।
विज्ञापन
पत्नी के मुताबिक, नौकरी में आने के बाद से ही वह काम के दबाव को लेकर परेशान रहने लगे थे। घर लौटने के बाद भी कार्यालय की परेशानियों का जिक्र करते थे। पत्नी और चाची ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वे बच्चों के दाखिले की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही समय बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।
छुट्टी मांगने पर मिली थी गालियां
अभिषेक परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में कोई दूसरा बेटा नहीं है। उनकी मौत से पत्नी, मां और दोनों बच्चों का सहारा छिन गया है। पिता नागेंद्र कुशवाहा एसडीएम के पेशकार पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। पत्नी का आरोप है कि उन्होंने पिता की पेंशन से संबंधित काम के लिए छुट्टी मांगी थी लेकिन छुट्टी के बदले उनको डांट और गालियां मिलीं।
विज्ञापन
प्रयागराज से जांच करने आए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक
उत्तर मध्य रेलवे के सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम) अभिषेक सिंह कुशवाहा की मौत के 24 घंटे बाद प्रयागराज से जांच करने के लिए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजेंद्र कुमार आगरा पहुंचे। वे प्रयागराज से टूंडला तक ट्रेन से आए। इसके बाद कार से डीआरएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली। इस दाैरान सहायक परिचालन प्रबंधक का परिवार गाजीपुर के लिए रवाना हो चुका था।
विज्ञापन
इस बारे में रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि विजेंद्र कुमार माैजूदा समय में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक का भी कार्य देख रहे हैं। वह पीड़ित परिवार को सांत्वना और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा देने आए थे।
विज्ञापन
जो आरोप लगाए गए हैं। ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। अभी इनको आगरा आए ढाई महीना ही हुआ था। ये कोचिंग का कार्य देख रहे थे। इसके साथ ही इनको दूसरे के साथ लर्निंग के लिए कहा गया था। इनके कार्य के लिए कोई ऐसी बात नहीं कही गई। - कुलदीप मीणा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, आगरा मंडल
प्रताड़ना का जो आरोप लगाया गया है। वह गलत है, यह घटनाक्रम बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। रेलवे के लिए बहुत ही दुखद है। रेल प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। पीड़ित परिवार को रेलवे की ओर से नियमानुसार सहायता दी जाएगी। - संजय कुमार गौतम, जनसंपर्क अधिकारी आगरा मंडल
आगरा में रेलवे अफसर की मौत
उत्तर मध्य रेलवे के सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम) अभिषेक सिंह कुशवाहा की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव डीआरएम कार्यालय परिसर में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) कुलदीप मीणा के केबिन में सोफे पर पड़ा मिला। पत्नी आस्था रानी ने उन पर मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना सदर में तहरीर दी है। केबिन में ही एक डायरी में सुसाइड नोट लिखा मिला है।
गाजीपुर जिले के थाना सैदपुर क्षेत्र में गांव खजुरा निवासी अभिषेक सिंह कुशवाहा पुत्र नागेंद्र सिंह कुशवाहा उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में एओएम थे। 17 अगस्त को प्रयागराज मंडल से प्रोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण आगरा हुआ था। रविवार को उनकी पीईटी की वजह से रात में ड्यूटी लगी थी। जहां शव मिला वहां केबिन में उल्टियां हुई थीं और विषाक्त पदार्थ के दो पाउच भी मिले। रात करीब 11 बजे अभिषेक को रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल, डायरी और पाउच कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी आस्था रानी के मुताबिक, रविवार दोपहर तीन बजे अभिषेक घर से कार्यालय के लिए निकले। शाम चार बजे कुछ देर के लिए घर आए और आनन-फानन डायरी लेकर दोबारा कार्यालय चले गए। शाम पांच बजे उनका एक सहयोगी घर पहुंचा और अभिषेक के बारे में पूछा। पत्नी ने बताया कि वह कार्यालय में हैं। इस पर सहयोगी ने कहा कि वहां नहीं हैं। फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। निजी मोबाइल पर मैसेज का जवाब भी नहीं आया।
इस पर परेशान होकर उन्होंने भदोही में रह रहे अपने पिता सुभाष चंद को फोन किया और पति का पता न चलने की जानकारी दी। पिता ने बताया कि अभिषेक कार्यालय में ही हैं और केबिन का दरवाजा बंद है। रात करीब 10:30 बजे वह डीआरएम कार्यालय पहुंचीं। स्टाफ के लोग उनके केबिन में पहुंचे लेकिन वह वहां नहीं मिले। वह वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सामान्य के केबिन में सोफे पर पड़े मिले। चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी आरोप लगाते हुए चीखने लगीं। साथ आए लोगों ने उन्हें संभाला। मौके पर थाना सदर पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने मोबाइल, डायरी और विषाक्त पदार्थ के दो पाउच बरामद किए। पोस्टमार्टम में विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका के चलते विसरा सुरक्षित रखवाया गया है। उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने तहरीर दी है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।