आगरा शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। ताजनगरी में दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दूसरे नंबर पर झांसी और तीसरे स्थान पर बांदा रहा। उमस भरी गर्मी से शनिवार को लोग बेहाल रहे। मई और जून के पहले पखवाड़े में जब पारा 45 डिग्री के करीब था, शनिवार को 42 डिग्री में भी उसी तरह की गर्मी ने परेशान किया। दरअसल, आर्द्रता बढ़ने के कारण गर्मी चुभती हुई महसूस हुई। मंगलवार शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं।
शनिवार को दिन में पारा सामान्य से दो डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री पर रहा। रात में पारा सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। दोपहर 12 से शाम 5 बजे के बीच तेज धूप और उमस से लोग सबसे ज्यादा परेशान रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। दिन में पारा 42 डिग्री के आसपास बना रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। मंगलवार शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं। बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाओं की संभावना है।