आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के मारुति एन्क्लेव के रहने वाले बैटरी कारोबारी योगेश मिश्रा की पत्नी प्रतीची मिश्रा और पांच साल की बेटी काव्या के विसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) भेज दिए गए हैं। वहीं कारोबारी ने जिस गमछे से आत्महत्या की थी, उसे भी प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि इनकी जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। वहीं सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग मिलान के लिए परिवार के लोगों से पति-पत्नी की हस्त लेख मिलान का नमूना ले लिया गया है।
तीन दिसंबर को योगेश मिश्रा और उनकी पत्नी प्रतीची की लाश बंशी विहार स्थित फर्म के कार्यालय में मिली थी। वहीं पांच साल की बेटी काव्या घर में मृत मिली थी। योगेश फंदे पर लटके हुए थे, जबकि प्रतीची फर्श पर पड़ी थीं। एक सुसाइड नोट भी मिला था। इस पर योगेश और प्रतीची के हस्ताक्षर भी थे। मगर, इसमें आत्महत्या की कोई वजह नहीं लिखी थी।