What is Digital Gold? हमारे देश में सोने को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यह एक ऐसा निवेश है जिसमें ज्यादातर लोग फायदे में ही रहते हैं। हालांकि, पारंपरिक रूप से सोना खरीदने का मतलब गहने या सिक्के खरीदना ही रहा है, लेकिन आज के आधुनिक दौर में 'डिजिटल गोल्ड' एक सुविधाजनक विकल्प बनकर उभरा है। डिजिटल गोल्ड एक ऐसा माध्यम है जिसमें आप फिजिकल सोना खरीदे बिना, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए शुद्ध सोने में निवेश कर सकते हैं।
इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि आप मात्र ₹1 से भी इसमें निवेश करने की शुरुआत कर सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसमें खरीदी गई सोने की शुद्धता 24 कैरेट (99.9%) होती है, जिसको बेचने पर भी 24 कैरेट का ही रिटर्न मिलता है।
यह उन लोगों के लिए एक काफी सुविधाजनक है जो भारी-भरकम गहने खरीदने के बजाय छोटे-छोटे निवेश के जरिए अपनी बचत को सुरक्षित करना चाहते हैं। डिजिटल गोल्ड न सिर्फ पारदर्शिता सुनिश्चित करता है, बल्कि यह आपको चोरी या खोने के डर से भी पूरी तरह मुक्त रखता है।