देश में किसानों, महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जानजाति विभिन्न वर्गों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कई शानदार योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में देश में पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को आर्थिक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 17 सितंबर, 2023 को विश्वकर्मा जयंती के खास अवसर पर पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के अतंर्गत भारत सरकार कारीगरों और शिल्पकारों के कौशल को निखारने के लिए बुनियादी और उन्नत कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रही है।
यही नहीं इस स्कीम के अंतर्गत उनको बेहतर और आधुनिक उपकरणों को खरीदने के लिए सरकार द्वारा आर्थिक सहायता भी प्रदान किया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेकर देश के कारीगरों और शिल्पकारों की उत्पादकत क्षमता में वृद्धि हो रही है। पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए भारत सरकार ने 13 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है।