देश में असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भारत सरकार प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का संचालन कर रही है। देश में एक बड़ी आबादी असंगठित क्षेत्र से जुडे़ मजदूरों की है। ये मजदूर जीवन के शुरुआती दौर में तो मेहनत मजदूरी करके जैसे तैसे अपना गुजारा कर लेते हैं। वहीं उम्र के एक पड़ाव पर आने के बाद इन लोगों के पास मेहनत मजदूरी करने के लिए शारीरिक क्षमता नहीं बचती है इस कारण आर्थिक स्तर पर इन लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए भारत सरकार ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की शुरुआत की थी। इस स्कीम का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के भविष्य को आर्थिक स्तर पर सुरक्षित करना है। इस स्कीम के अंतर्गत श्रमिकों को 60 की उम्र के बाद हर महीने 3 हजार रुपये की पेंशन मिलती है। देशभर में कई लोग इस स्कीम में आवेदन कर रहे हैं।