देश में अधिकांश लोगों की आजीविका का मुख्य स्त्रोत कृषि है। हालांकि, देश में आज के समय करोड़ों छोटे और सीमांत किसान ऐसे हैं, जिन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। कई किसान खेती करने के लिए कर्ज ले लेते हैं। हालांकि, मौसम की मार और दूसरे कारणों के चलते जब उपज ठीक ढंग से तैयार नहीं होती है तो उनके ऊपर मानों आफतों का पहाड़ टूट पड़ता है। किसानों की इन्हीं समस्याओं को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कई शानदार योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन्हीं में एक स्कीम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना का संचालन खासतौर पर देश के आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के लिए किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत देश के छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।