अगर आपके घर की दीवारों पर दाग उभर रहे हैं, पेंट उखड़ रहे हैं और कमरे में लगातार बदबू बनी रहती है, तो यह सीलन की ओर इशारा है। बरसात के सीजन में यह समस्या काफी ज्यादा देखने को मिलती है। अगर इस समस्या पर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो घर की मजबूती पर भी असर पड़ सकता है। दीवारों में नमी पहुंचने के पीछे कई प्रमुख कारण होते हैं। इनमें पाइपलाइन लीकेज, छत पर पानी जमा होना, खराब वेंटिलेशन और बाहरी दीवारों में दरारें जैसे कारण शामिल हैं। कई पुराने मकानों में तो जमीन की नमी धीरे-धीरे ऊपर तक पहुंच जाती है। इससे प्लास्टर कमजोर होने लगता है। इस कारण आपको शुरुआती संकेतों को समझना और सही समाधान अपनाना जरूरी है, ताकि भविष्य में बड़े खर्च से बच सकें।