G20 Summit 2023: जी20 का शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है। जी20 को ग्रुप ऑफ 20 भी कहा जाता है। यह आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है। जी20 का मंच अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों को निर्धारित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा आर्थिक स्थिरता, वैश्विक व्यापार, ग्लोबल चैलेंज से लेकर कई मुद्दों पर भी राय तय करने में जी20 की अहम भूमिका होती है। जी20 समूह का कोई स्थाई सचिवालय नहीं है। सभी 19 देशों और यूरोपीय यूनियन के बीच एक खास तरह की रोटेशन प्रणाली चलाई जाती है। उसी के जरिए नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है। जी20 समूह का गठन हुए करीब 24 साल बीत चुके हैं। इस दौरान कुल 17 जी20 बैठकों का आयोजन हो चुका है। नई दिल्ली में यह 18वां जी20 शिखर सम्मेलन होने जा रहा है।