भारत में इन दिनों बड़े पैमाने पर लोग अपना ई-श्रम कार्ड बनवा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य देश के असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों तक वित्तीय सहायता पहुंचाना है। कई ई-श्रम कार्ड धारकों के खातों में पहली किस्त के पैसे आ चुके हैं। वहीं अगली किस्त के पैसे भी जल्द ही चुनाव खत्म होने के बाद आने के कयास लगाए जा रहे हैं। ई-श्रम कार्ड बनवाने के कई फायदे हैं। इस कार्ड के बनने के बाद ई-श्रम कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है। इसके अलावा श्रमिकों को रोजगार मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है। यही एक बड़ी वजह है, जिसके चलते करोड़ों लोग अपना ई-श्रम कार्ड बनवा रहे हैं। वहीं इसी के सामानंतर जालसाजों का समूह भी उभरा है। ऐसे में अगर आप भी अपना ई-श्रम कार्ड बनवा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। जालसाजों का समूह फेक वेबसाइट के जरिए ई-श्रम कार्ड के लिए आवेदन करने वाले श्रमिकों के साथ फ्रॉड कर रहा है।