फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आपके नाम से आ रहा है पैसे मांगने वाला मैसेज? हो सकता है व्हाट्सएप पर बन गया हो फर्जी अकाउंट

Mon, 31 Aug 2026 11:55 AM IST
दीक्षा पाठक यूटिलिटी डेस्क, अमर उजाला

सार

Fake WhatsApp Account: अगर कोई आपकी फोटो और नाम का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को मैसेज कर रहा है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। ठग आपके दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे मांग सकते हैं या आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में तुरंत अकाउंट की जानकारी सुरक्षित करें, उसे रिपोर्ट करें और जरूरत पड़ने पर साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराएं।
 
विज्ञापन
1 of 5
व्हाट्सएप पर कोई बन गया आपकी पहचान? - फोटो : AI
आजकल व्हाट्सऐप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। परिवार से बात करनी हो, ऑफिस का काम करना हो या किसी को जरूरी जानकारी भेजनी हो, ज्यादातर लोग इस ऐप का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इसी के साथ साइबर ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। ठग अब लोगों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर उनके दोस्तों और रिश्तेदारों को निशाना बना रहे हैं। कई बार साइबर अपराधी किसी व्यक्ति की प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल कर दूसरे मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप अकाउंट बना लेते हैं। इसके बाद वे उस व्यक्ति के जानने वालों को मैसेज भेजते हैं और खुद को वही व्यक्ति बताकर पैसे मांगने लगते हैं। कई लोग बिना जांच-पड़ताल किए भरोसा कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में अगर आपको पता चले कि किसी ने आपकी फोटो और नाम लगाकर फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बना लिया है तो घबराने के बजाय तुरंत कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए।
विज्ञापन

2 of 5
व्हाट्सएप पर कोई बन गया आपकी पहचान? - फोटो : एआई जनरेटेड
सबसे पहले फर्जी अकाउंट का सबूत रखें
फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट की जानकारी मिलते ही उसका स्क्रीनशॉट ले लें। उस नंबर, प्रोफाइल फोटो और नाम की तस्वीर सुरक्षित रखें। अगर उस अकाउंट से किसी को संदिग्ध मैसेज भेजे गए हैं तो उनके स्क्रीनशॉट भी रख लें। आगे शिकायत करने की स्थिति में ये सबूत आपके काम आ सकते हैं।

व्हाट्सऐप पर रिपोर्ट और ब्लॉक करें
अगर फर्जी अकाउंट का नंबर आपके पास है, तो उसकी प्रोफाइल खोलकर उसे रिपोर्ट किया जा सकता है। इसके साथ उस नंबर को ब्लॉक भी करें। व्हाट्सऐप पर किसी संदिग्ध अकाउंट या मैसेज की रिपोर्ट करने का विकल्प दिया जाता है, जिससे प्लेटफॉर्म मामले की समीक्षा कर सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
व्हाट्सएप पर कोई बन गया आपकी पहचान? - फोटो : AI Generated
दोस्तों और रिश्तेदारों को तुरंत करें अलर्ट
यह सबसे जरूरी कदमों में से एक है। अपने परिवार, दोस्तों और करीबी लोगों को तुरंत बता दें कि आपके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर कोई फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट चला रहा है। उन्हें साफ तौर पर कहें कि उस नंबर से आने वाले किसी मैसेज पर भरोसा न करें। खासतौर पर अगर कोई पैसे मांगे या बैंक से जुड़ी जानकारी, ओटीपी या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहे तो पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।

 पैसे मांगने वाले मैसेज पर न करें भरोसा
आजकल ठग अक्सर किसी परिचित के नाम से मैसेज भेजकर कहते हैं कि वे किसी परेशानी में हैं और उन्हें तुरंत पैसों की जरूरत है। मैसेज देखकर जल्दबाजी में पैसे भेजने से पहले उस व्यक्ति को फोन करके या किसी दूसरे माध्यम से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि जरूर करें। सिर्फ व्हाट्सऐप पर आए मैसेज को देखकर कभी भी पैसे ट्रांसफर न करें।

4 of 5
व्हाट्सएप पर कोई बन गया आपकी पहचान? - फोटो : Adobe stock
साइबर क्राइम में कहां करें शिकायत?
अगर आपके नाम से बने फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है या किसी से पैसे की ठगी हो चुकी है तो इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 1930 हेल्पलाइन पर भी तुरंत सूचना दी जा सकती है। शिकायत करते समय फर्जी नंबर, स्क्रीनशॉट और मैसेज जैसी जानकारी संभालकर रखें। इससे मामले की जानकारी देने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
व्हाट्सएप पर कोई बन गया आपकी पहचान? - फोटो : Adobe stock
अपनी पहचान को सुरक्षित रखने के लिए रखें ये सावधानी
सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। किसी अनजान नंबर से आने वाले मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें। अगर कोई परिचित व्यक्ति नए नंबर से संपर्क कर पैसे मांगता है तो पहले उसकी पहचान की पुष्टि जरूर करें। याद रखें आपकी फोटो और नाम का गलत इस्तेमाल करके कोई भी आपके परिचितों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है। इसलिए फर्जी अकाउंट की जानकारी मिलते ही उसे नजरअंदाज न करें। तुरंत सबूत सुरक्षित करें, व्हाट्सऐप पर रिपोर्ट करें, अपने करीबी लोगों को सतर्क करें और जरूरत पड़ने पर साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराएं।

आपके आधार का कहीं चोरी-छिपे तो नहीं हो रहा इस्तेमाल? 2 मिनट में ऐसे पकड़ें पूरी सच्चाई

तत्काल टिकट के लिए कट गए पैसे और बुकिंग हो गई फेल; जानिए रेलवे कब लौटाएगा रकम
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें