फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Paralympics: पैरालंपिक शॉटपुट F57 में होकाटो सीमा ने जीता कांस्य, भारत की झोली में पेरिस से अब तक 27 पदक

Sat, 07 Sep 2024 01:22 AM IST
ज्योति भास्कर स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला

सार

पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारतीय दल का शानदार प्रदर्शन जारी है। इतिहास का सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय खिलाड़ी अब तक कुल 27 पदक जीत चुके हैं। भारत के खाते में सबसे ताजा पदक शॉटपुट एफ57 स्पर्धा से आया। फाइनल मुकाबले में 40 साल के होकाटो होतोजी सीमा ने कांस्य पदक जीता।
विज्ञापन
1 of 6
पेरिस पैरालंपिक शॉटपुट एफ57 में होकाटो होतोजी सीमा ने जीता कांस्य पदक - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत को पूर्व सैनिक ने गौरवान्वित किया है। पुरुषों की शॉटपुट एफ57 स्पर्धा में होकाटो होतोजी सीमा ने अपने जीवन का सबसे शानदार प्रदर्शन किया। होकाटो ने 14.65 मीटर गोला फेंकने के साथ ही कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। उनके अलावा इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ईरान के खिलाड़ी यासिन खोसारवी ने जीता, जबकि ब्राजील के खिलाड़ी टीपी दोस संतोष ने रजत पदक अपने नाम करने में सफलता पाई। भारत ने अब तक कितने पदक जीते, किस पायदान पर है देश
पदक तालिका में 6 स्वर्ण, नौ रजत और 12 कांस्य पदक समेत भारत के कुल 27 पदक हो चुके हैं। भारत 17वें नंबर पर है। ईरान के यूं तो कुल 22 पदक हैं, स्वर्ण भी भारत की तरह 6 हैं, लेकिन 10 रजत के कारण ईरान भारत से आगे 16वें पायदान पर पहुंच गया है।
विज्ञापन

पेरिस में शान से लहराया तिरंगा, शीर्ष पांच में दो भारतीय खिलाड़ी शामिल रहे

2 of 6
पेरिस पैरालंपिक के शॉटपुट एफ57 फाइनल में खिलाड़ियों का प्रदर्शन - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात कांटे की टक्कर वाले फाइनल मुकाबले में ईरानी खिलाड़ी ने 15.96 मीटर गोला फेंक कर पैरालंपिक खेलों का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। सिल्वर मेडल जीतने वाले ब्राजील के खिलाड़ी ने 15.06 मीटर गोला फेंका। इसी स्पर्धा में भारत के एक अन्य भारतीय खिलाड़ी भी शीर्ष पांच में जगह बनाने में सफल रहा। पैरा एथलीट सोमन राणा 14.07 मीटर गोला फेंकने के साथ पांचवें नंबर पर रहे।
विज्ञापन

3 of 6
पैरा एथलीट होकाटो होतोजी सीमा ने 40 साल की आयु में जीवन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
40 साल के पैरा एथलीट होकाटो होतोजी सीमा ने अपने प्रदर्शन से न केवल देश को गौरवान्वित किया है, बल्कि अपने जीवन से देश के तमाम युवाओं को भी प्रेरित किया है। उन्होंने 40 साल की आयु में जीवन का सबसे बेहतरीन खेल दिखाया और उम्र को केवल आंकड़ा भर सिद्ध कर दिखाया। इससे पहले शुक्रवार को खेले गए दूसरे मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का दिन शानदार रहा। शुक्रवार को भारत ने ऊंची कूद में एक स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।

भारत के सपूत ने कांटे की टक्कर के बाद पूरे देश के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान

4 of 6
पदक जीतने के बाद कोच और प्रशंसकों के बीच भारतीय खिलाड़ी होकाटो - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
शॉटपुट एफ57 का फाइनल मुकाबला कितना चुनौतीभरा रहा इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भाग ले रहे कुल 12 खिलाड़ियों में फ्रांस, यमन, हैती और सोमालिया के खिलाड़ियों ने इस सीजन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज कराया, जबकि उज्बेकिस्तान के एथलीट वाई ओडिलोव ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

पेरिस पैरालंपिक: शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में पदक जीतने वाले तीनों खिलाड़ी

5 of 6
पेरिस पैरालंपिक 2024 में पदक जीतने वाले तीनों खिलाड़ी - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
इनके अलावा अर्जेंटीना और फिनलैंड के खिलाड़ियों ने भी चुनौती पेश की। पदक विजेताओं के अलावा दो और खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने 14 मीटर की लाइन पार करने में सफलता पाई। कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट होकाटो दशमलव के बाद चंद अंकों (महज 0.41) के अंतर से रजत जीतने से चूक गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

ईरान के खिलाड़ी ने अभूतपूर्व प्रदर्शन से बनाया पैरालंपिक खेलों का रिकॉर्ड

6 of 6
रजत जीतने वाले ब्राजीली एथलीट और स्वर्ण पदक जीतने वाले ईरानी खिलाड़ी (दाहिने) - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- Paralympic Games
मीलों दूर से पेरिस की सरजमीं पर आकर देश को पदक दिलाने वाले एथलीट अपने प्रदर्शन से बेहद उत्साहित दिखे। ब्राजीली खिलाड़ी ने जहां रजत पदक जीत देश का नाम बढ़ाया तो दूसरी तरफ ईरानी खिलाड़ी यासिन खोसारवी ने पैरालंपिक के इतिहास में अभूतपूर्व प्रदर्शन कर इन खेलों का नया रिकॉर्ड कायम कर दिखाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें