फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Spain vs Argentina: स्पेन-अर्जेंटीना फाइनल में इन 6 फुटबॉलर्स के बीच होगी दिलचस्प टक्कर; तय करेंगे नया चैंपियन

Sun, 19 Jul 2026 07:26 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

विश्व कप फाइनल सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं, बल्कि कुछ ऐसे खिलाड़ियों की जंग भी है जो अकेले दम पर मैच का नतीजा बदल सकते हैं। मेसी बनाम लापोर्टे से लेकर रोड्री-फर्नांडीज और यमाल-टैग्लियाफिको तक, जानिए फाइनल की तीन सबसे बड़ी व्यक्तिगत भिड़ंतें।
विज्ञापन
1 of 5
स्पेन बनाम अर्जेंटीना फाइनल - फोटो : FIFA.COM
फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल सिर्फ स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खिताबी मुकाबला नहीं होगा, बल्कि दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच सीधी टक्कर भी देखने को मिलेगी। 39 दिनों तक चले टूर्नामेंट के बाद दोनों टीमें फाइनल में पहुंची हैं और अब न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में यह तय होगा कि विश्व फुटबॉल का नया बादशाह कौन बनेगा।

एक ओर लियोनल मेसी की अगुआई में खिताब बचाने उतरी अर्जेंटीना है, तो दूसरी तरफ शानदार रक्षापंक्ति और संतुलित खेल के दम पर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना देख रही स्पेन। ऐसे में कुछ व्यक्तिगत मुकाबले फाइनल का रुख तय कर सकते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
लापोर्टे vs मेसी - फोटो : FIFA.COM
मेसी vs लापोर्टे: क्या स्पेन रोक पाएगा अर्जेंटीना के सबसे बड़े हथियार को?
 
  • विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन चुके लियोनल मेसी इस टूर्नामेंट में आठ गोल और चार असिस्ट के साथ अर्जेंटीना के सबसे बड़े मैच विनर रहे हैं। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने दो असिस्ट देकर टीम की शानदार वापसी में अहम भूमिका निभाई थी।
  • स्पेन की उम्मीदें काफी हद तक इस बात पर टिकी होंगी कि वह मेसी के प्रभाव को कितना सीमित कर पाता है। यह जिम्मेदारी अनुभवी सेंटर बैक एमेरिक लापोर्टे पर होगी, जिन्होंने 19 वर्षीय पाउ कुबार्सी के साथ मिलकर पूरे टूर्नामेंट में बेहद मजबूत रक्षापंक्ति बनाई है।
  • स्पेन ने सात मैचों में सिर्फ एक गोल खाया है और इसमें लापोर्टे की सूझबूझ, नेतृत्व क्षमता और शानदार पोजिशनिंग की बड़ी भूमिका रही है। यदि वह मेसी को खुलकर खेलने से रोकने में सफल रहते हैं तो स्पेन की राह काफी आसान हो सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
रोड्री बनाम एंजो - फोटो : FIFA.COM
रोड्री vs एंजो फर्नांडीज: मिडफील्ड की जंग तय करेगी मैच की दिशा
 
  • फाइनल में सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक मिडफील्ड में देखने को मिलेगा, जहां स्पेन के कप्तान रोड्री और अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडीज आमने-सामने होंगे।
  • रोड्री इस विश्व कप में स्पेन के खेल की धुरी रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 648 सफल पास पूरे किए हैं और उनकी पासिंग सटीकता 93 प्रतिशत रही है।
  • इसके अलावा उन्होंने सबसे ज्यादा 83,802 मीटर की दूरी भी तय की है, जो उनके अथक प्रदर्शन को दर्शाता है।
  • दूसरी ओर, एंजो फर्नांडीज भी अर्जेंटीना के लिए लगातार प्रभावशाली रहे हैं। 2022 विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी रह चुके एंजो ने इस बार भी नॉकआउट मुकाबलों में अहम योगदान दिया है।
  • मिस्र के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने इंजुरी टाइम में विजयी हेडर लगाया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 85वें मिनट में बराबरी का गोल कर अर्जेंटीना की वापसी की नींव रखी थी।
  • अगर रोड्री मिडफील्ड पर नियंत्रण बनाए रखते हैं तो स्पेन अपनी पसंद की गति से मैच खेल सकेगा। वहीं एंजो गेंद छीनकर तेज काउंटर अटैक शुरू करने की कोशिश करेंगे।

4 of 5
यमाल vs टैग्लियाफिको - फोटो : FIFA.COM
लामिन यमाल vs निकोलस टैग्लियाफिको: युवा जोश बनाम अनुभव
 
  • फाइनल की तीसरी बड़ी टक्कर स्पेन के 19 वर्षीय स्टार लामिन यमाल और अर्जेंटीना के अनुभवी लेफ्ट बैक निकोलस टैग्लियाफिको के बीच होगी।
  • हैमस्ट्रिंग चोट से वापसी के बाद यमाल ने धीरे-धीरे अपनी लय हासिल की है। फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में उनकी तेज दौड़ और ड्रिब्लिंग के कारण स्पेन को शुरुआती पेनाल्टी मिली थी।
  • पूरे टूर्नामेंट में उनकी रचनात्मकता और विंग से बनाए गए हमले स्पेन की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं। हालांकि, उन्हें रोकने के लिए अर्जेंटीना के पास अनुभवी टैग्लियाफिको मौजूद हैं।
  • 33 वर्षीय डिफेंडर 2022 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे थे और बड़े मुकाबलों का भरपूर अनुभव रखते हैं। वन ऑन वन डिफेंस और शानदार टैक्टिकल समझ उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
यमाल और मेसी - फोटो : FIFA
इन तीन भिड़ंत पर टिकी होंगी करोड़ों निगाहें
विश्व कप फाइनल में रणनीति, अनुभव और व्यक्तिगत प्रतिभा का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। अगर मेसी अपनी रचनात्मकता से स्पेन की दीवार में सेंध लगाने में सफल रहे तो अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बन सकता है। वहीं यदि रोड्री मिडफील्ड पर नियंत्रण बनाए रखते हैं और लापोर्टे मेसी को रोकने में सफल रहते हैं तो स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी उठाने के बेहद करीब पहुंच जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें