फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA World Cup: कौन जीतेगा फीफा विश्व कप 2026 का गोल्डन बॉल? एमबाप्पे-मेसी से यमाल तक, छह दावेदारों की लिस्ट

Thu, 11 Jun 2026 01:59 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

फीफा विश्व कप 2026 शुरू होने वाला है और सबसे बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार गोल्डन बॉल की दौड़ भी चर्चा में है। लियोनल मेसी, किलियन एमबाप्पे, लामिन यमाल, हैरी केन, विनीसियस जूनियर और क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस प्रतिष्ठित सम्मान के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
विज्ञापन
1 of 9
फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : ANI
फीफा विश्व कप 2026 का आज से आगाज हो रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी। जहां सभी खिलाड़ियों का सपना विश्व कप ट्रॉफी उठाने का होगा, वहीं कुछ सितारों की नजर गोल्डन बॉल पर भी होगी, जो टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाता है।



1982 से शुरू हुए इस पुरस्कार को अब तक कई दिग्गज जीत चुके हैं, लेकिन दो बार यह सम्मान जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी लियोनल मेसी हैं। आइए जानते हैं उन छह खिलाड़ियों के बारे में जो इस बार गोल्डन बॉल के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं...
विज्ञापन

2 of 9
मेसी - फोटो : Reuters Photo
1. लियोनल मेसी (अर्जेंटीना)
39 साल की उम्र में भी मेसी गोल्डन बॉल की दौड़ में सबसे चर्चित नाम हैं। 2022 विश्व कप में उन्होंने सात गोल और तीन असिस्ट के साथ अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया था और दूसरी बार गोल्डन बॉल जीती थी। मेसी इस सीजन मेजर लीग सॉकर (MLS) में भी शानदार फॉर्म में हैं। 14 मैचों में उनके नाम 12 गोल और 7 असिस्ट हैं। अगर अर्जेंटीना खिताब बचाने में सफल रहती है तो मेसी एक बार फिर गोल्डन बॉल के सबसे बड़े दावेदार होंगे।
विज्ञापन

3 of 9
लामिन यमाल - फोटो : Euro Cup
2. लामिन यमाल (स्पेन)
सिर्फ 18 साल की उम्र में यामाल विश्व फुटबॉल का नया सुपरस्टार बन चुके हैं। यूरो 2024 में उन्होंने चार असिस्ट देकर रिकॉर्ड बनाया था और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी चुने गए थे। बार्सिलोना के लिए 2025-26 सीजन में उन्होंने 24 गोल और 17 असिस्ट किए। उनकी ड्रिब्लिंग, गति और मौके बनाने की क्षमता स्पेन की सबसे बड़ी ताकत है। यदि स्पेन विश्व कप जीतता है तो यमाल गोल्डन बॉल के प्रबल दावेदार होंगे।

4 of 9
हैरी केन - फोटो : ANI
3. हैरी केन (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के कप्तान और सर्वकालिक सबसे सफल गोल स्कोरर हैरी केन अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। उन्होंने 2025-26 सीजन में बायर्न म्यूनिख के लिए 51 मैचों में 61 गोल किए। केन पहले ही दो विश्व कप में आठ गोल कर चुके हैं। यदि इंग्लैंड 60 साल का इंतजार खत्म कर चैंपियन बनता है तो उसके पीछे केन की भूमिका सबसे अहम होगी।
विज्ञापन

5 of 9
कायलियन एमबाप्पे - फोटो : ANI
4. किलियन एमबाप्पे (फ्रांस)
अगर 2022 विश्व कप फाइनल में फ्रांस जीत जाता तो शायद गोल्डन बॉल मेसी नहीं बल्कि एमबाप्पे को मिलती। फाइनल में हैट्रिक लगाने वाले एमबाप्पे उस टूर्नामेंट में आठ गोल के साथ गोल्डन बूट विजेता बने थे।
फ्रांस के कप्तान के रूप में वह अब टीम के सबसे बड़े सितारे हैं। विश्व कप में उनके नाम पहले ही 12 गोल हैं और वह मिरोस्लाव क्लोजे के सर्वाधिक 16 विश्व कप गोल के रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन

6 of 9
विनीसियस - फोटो : Twitter
5. विनीसियस जूनियर (ब्राजील)
ब्राजील की उम्मीदें काफी हद तक विनीसियस जूनियर पर टिकी होंगी। रियल मैड्रिड का यह स्टार खिलाड़ी क्लब स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अभी भी वह अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। नए कोच कार्लो एंसेलोटी के मार्गदर्शन में विनीसियस से काफी उम्मीदें हैं। यदि वह ब्राजील को 24 साल बाद विश्व कप दिलाने में सफल रहते हैं तो गोल्डन बॉल उनके नाम हो सकती है।
विज्ञापन

7 of 9
रोनाल्डो (फाइल फोटो) - फोटो : ANI
6. क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पुर्तगाल)
41 साल की उम्र में भी रोनाल्डो को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वह अपने छठे विश्व कप में उतरने जा रहे हैं और इतिहास रचने का मौका उनके सामने है। रोनाल्डो विश्व कप के पांच अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। हालांकि नॉकआउट मुकाबलों में उनका रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है, लेकिन अगर पुर्तगाल खिताब जीतता है तो फुटबॉल इतिहास की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक लिखी जा सकती है।

8 of 9
हालंद - फोटो : Instagram @Erling Braut Haaland
इन खिलाड़ियों पर भी रहेगी नजर
इन छह सितारों के अलावा कई अन्य खिलाड़ी भी गोल्डन बॉल की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। कोलंबिया के लुइस डियाज और जेम्स रोड्रिगेज, फ्रांस के माइकल ओलिसे, नॉर्वे के एरलिंग हालंद, बेल्जियम के केविन डी ब्रुइन और जर्मी डोकू, जबकि जर्मनी के जमाल मुसियाला और फ्लोरियन विर्ट्ज भी बड़ा प्रभाव छोड़ सकते हैं।
विज्ञापन

9 of 9
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : अमर उजाला
गोल्डन बॉल की जंग होगी दिलचस्प
विश्व कप 2026 सिर्फ टीमों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच भी एक बड़ी जंग देखने को मिलेगी। क्या मेसी तीसरी बार गोल्डन बॉल जीतेंगे, क्या एमबाप्पे अपना अधूरा सपना पूरा करेंगे, या फिर यामाल जैसी नई पीढ़ी इतिहास रचेगी? इसका जवाब अगले एक महीने में दुनिया को मिल जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें