कानपुर स्थित कमला क्लब में चल रही अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में शिवम चौबे (245 रन) के दोहरे शतक की बदौलत यूपी की टीम ने 167.5 ओवर में 621 रन बना लिए। मुंबई के गेंदबाज तनुष कोटिन ने 46 ओवरों में यूपी के पांच विकेट झटके। दूसरे दिन का मैच खत्म होने तक मुंबई की टीम का स्कोर दो ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 15 रन था।
मुंबई की टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। शुक्रवार को यूपी का स्कोर तीन विकेट पर 292 रन था। शनिवार को बल्लेबाजी करने उतरे शुभम चौबे व आर्यन जुयाल की जोड़ी ने 289 रनों की पार्टनरशिप की।
104वें ओवर में आकिब कुरैशी की गेंद पर आर्यन जुयाल 121 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद 112.5 ओवर में तनुष कोटिन की बॉल पर नलीन मिश्रा 28 रनों पर जितेंद्र तोमर को कैच थमा बैठे। फिर आकिब की गेंद पर संदीप कुमार 67 रन बनाकर रन आउट हो गए।
152.5 ओवर में तनुष की गेंद पर शिवम चौबे ने सरदेसाई का कैच लपक लिया। उस वक्त शिवम का निजी स्कोर 245 रन पर था। यूपी का स्कोर 558 रन पर था। तनुष की गेंद पर बॉबी यादव ने 53 रनों पर क्रुथिक को कैच थमा दिया।
163.2 ओवर में बी पटेल की गेंद पर शानू सैनी 19 रन पर बोल्ड हो गए। विजय दिलीप गोहिल ने वाजिद अली (2) को क्लीन बोल्ड कर दिया। हर्षवर्धन आठ रन पर नाबाद रहे। जवाब में मुंबई टीम के बल्लेबाज रुद्र व भूपेन लालवानी ग्राउंड पर उतरे। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर वाजिद अली की बॉल पर रुद्र ने आर्यन का कैच लपक लिया। वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।