जो व्यक्ति लक्ष्य की प्राप्ति तक बिना रुके निरन्तर चलते रहते हैं, चाहे कछुए की भांति धीरे- धीरे ही क्यों न हो, सफल हो जाते हैं। जिन्हें अपने ध्येय, लक्ष्य के प्रति लगन है, निष्ठा है, उसके मार्ग में ऐसा कौन सा अवरोध हो सकता है जो उसे रोक सके? लक्ष्य के प्रति समर्पित व्यक्ति का सूत्र होता है- कोई छुट्टी नहीं, किसी से कोई अपेक्षा नहीं, कोई भेदभाव नहीं।
जो व्यक्ति समय के महत्व के बारे में पहचान रखता है उसको जीवन में सफलता प्राप्त करने में कभी कठिनाई नहीं आती। समय की कीमत चुकाकर ही सफल विद्यार्थी, कलाकार, संगीतकार, धनपति, आविष्कारक, किसी विषय का विशेषज्ञ हो सकते हैं।