हिंदू कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को विनायक चतुर्थी मनाई जाती है। यह दिन विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को समर्पित किया जाता है। इस बार फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि यानी 17 मार्च को पड़ रही है। इस बार की चतुर्थी तिथि बहुत ही खास है क्योंकि बुधवार का दिन गणेश जी का माना गया है और विनायक चतुर्थी भी बुधवार को पड़ रही है। इस दिन लोग व्रत करके विधि-विधान से गणपति बप्पा का पूजन करते हैं और उन्हें उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाते हैं। गणेश जी अपने भक्तों के सारे विघ्न हर लेते हैं यही कारण है कि इन्हें विघ्नहर्ता, विघ्नविनाशक कहा जाता है। आप भी विनायक चतुर्थी पर व्रत और पूजन करके बप्पा की कृपा प्राप्त कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं विनायक चतुर्थी का शुभ मुहूर्त महत्व और व्रत पूजा विधि।