Maa Durga Vahan on Vijayadashami: इस वर्ष की शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर को शुरू हो चुकी है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन उत्सव में भक्त मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। हर साल नवरात्रि के आरंभ पर मां दुर्गा का पृथ्वी पर आगमन एक विशेष वाहन पर होता है, जो आने वाले भविष्य के लिए महत्वपूर्ण संकेत देता है। ज्योतिषीय गणना और धार्मिक शास्त्रों के अनुसार, इस वर्ष मां दुर्गा का आगमन 'गज' यानी हाथी पर हुआ है।
सोमवार के दिन नवरात्रि का प्रारंभ होने के कारण माता का वाहन हाथी है, जिसे अत्यंत शुभ और मंगलकारी माना गया है। शास्त्रों में कहा गया है- 'गजे च जलदा देवी', अर्थात जब देवी हाथी पर सवार होकर आती हैं, तो यह अच्छी वर्षा और समृद्धि का सूचक होता है। हाथी पर माता का आगमन देश में सुख, शांति, संपन्नता और धन-धान्य की वृद्धि का आशीर्वाद लेकर आता है, जिससे भक्तों का जीवन खुशियों से भर जाता है।