पितृ दोष से मुक्ति के उपाय
- फोटो : adobe stock
श्राद्ध शुरू होने से पहले पूरे कर लें ये 4 काम
शुभ कार्यों को पहले ही निपटा लें
पितृ पक्ष के दौरान विवाह, सगाई, रोका, गृह प्रवेश या किसी भी नए काम की शुरुआत जैसे शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं। इसलिए यदि आपके घर में कोई जरूरी रस्म या समारोह होना है, तो उसे पितृ पक्ष शुरू होने से पहले ही संपन्न कर लेना चाहिए। ऐसा न करने पर उस कार्य में विघ्न आने की आशंका जताई जाती है।
घर की सफाई पूरी तरह कर लें
श्राद्ध शुरू होने से पहले घर के हर कोने, पूजा स्थान और मुख्य द्वार की अच्छी तरह सफाई कर लेनी चाहिए। पितृ पक्ष के दौरान घर में साफ-सफाई करना या टूटी-फूटी वस्तुओं को हटाना अशुभ माना जाता है। इसलिए घर में पड़ा पुराना कबाड़, टूटे बर्तन या खराब सामान पहले ही बाहर निकाल देना उचित रहता है, ताकि पितृ पक्ष के दौरान घर स्वच्छ और पवित्र बना रहे।
बाल कटवाने और शेविंग जैसे काम पहले निपटाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष के दौरान बाल कटवाना, दाढ़ी बनवाना या नाखून काटना अशुभ माना जाता है। यह भी माना जाता है कि इन दिनों शरीर की साज-सज्जा से जुड़े कार्य वर्जित होते हैं क्योंकि यह समय शोक और श्रद्धा का माना गया है। इसलिए यदि हेयरकट, शेविंग या पार्लर से जुड़ा कोई काम करवाना है, तो उसे पितृ पक्ष शुरू होने से पहले ही पूरा कर लें।
सूखे पौधों की सफाई और तुलसी का सम्मानजनक विसर्जन
घर में या गमलों में यदि कोई पौधा सूख चुका है, तो उसे पितृ पक्ष शुरू होने से पहले हटा देना चाहिए। विशेष रूप से यदि सूखा हुआ पौधा तुलसी का है, तो उसे सम्मानपूर्वक जल में विसर्जित करना शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि घर में सूखे या मुरझाए पौधे नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करते हैं, जो पितृ पक्ष के दौरान अशुभ फल दे सकते हैं।