हिंदू पंचांग में एकादशी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। वर्षभर में कुल 24 एकादशियां आती हैं और प्रत्येक का अपना अलग महत्व माना जाता है। भाद्रपद शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को परिवर्तिनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि एकादशी के दिन नारायण की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। साथ ही भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी की पूजा करने से धन-धान्य में वृद्धि होने की मान्यता है।
एकादशी महीने में दो बार आती है। एक शुक्ल पक्ष में और दूसरी कृष्ण पक्ष में। हालांकि सभी एकादशियों को पुण्यदायी माना जाता है, लेकिन परिवर्तिनी एकादशी को विशेष स्थान प्राप्त है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में शयन करते हुए करवट बदलते हैं। इस समय चातुर्मास चल रहा होता है और भगवान विष्णु देवउठनी एकादशी तक योगनिद्रा में रहते हैं। आइए जानते हैं वर्ष 2026 में परिवर्तिनी एकादशी किस दिन होगी और पूजा व पारण के लिए कौन से समय शुभ रहेंगे।