अक्षय तृतीया आखा तीज के नाम से भी जानी जाती है। अक्षय तृतीया सभी तिथियों में सबसे शुभ तिथि मानी गई है। इस तिथि पर सभी तरह के शुभ कार्य बिना पंचांग देखे किए जा सकते हैं। हर वर्ष वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाता है। शास्त्रों के अनुसार अक्षय तृतीया सभी पापों का नाश करने वाली एवं सभी सुखों को प्रदान करने वाली शुभ तिथि है। इस तिथि पर किया गया कोई भी शुभ कार्य जरूर सफल होता है। लोगों को इस तिथि का इंतजार साल भर रहता है। इस तिथि को विवाह, गृह प्रवेश, नया व्यापार , धार्मिक अनुष्ठान और पूजा- पाठ के लिए सर्वश्रेष्ठ तिथि मानी गई है। सोना खरीदने के लिए अक्षय तृतीया तिथि बहुत ही शुभ मानी जाती है। साल 2020 में अक्षय तृतीया व्यापिनी और रोहिणी नक्षत्र के संयोग में मनाई जाएगी।