हिंदू धर्म में सावन का महीना बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। दरअसल देवशयनी एकादशी तिथि पर संसार के पालनकर्ता भगवान विष्णु चार महीनों के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और भगवान शंकर सृष्टि के संचालन का भार अपने कंधों पर ले लेते हैं। शिव भक्तों के लिए सावन का महीना बहुत ही पवित्र और शिव की आराधना के लिए शुभ माना गया है। सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा की जाती है। ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में सोमवार को व्रत रखने और भगवान शंकर की पूजा करने वाले जातक को मनवांछित जीवनसाथी प्राप्त होता है और जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है। विवाहित औरतें यदि श्रावण महीने का सोमवार व्रत रखती हैं तो उन्हें भगवान शंकर सौभाग्य का वरदान देते हैं। सावन के महीने में शिवलिंग पर जल अभिषेक करने से कई गुणा फायदा मिलता है। सावन के महीने में व्रत, उपासना और नियमों का पालन विशेष रूप से किया जाता है। सावन के महीने में भूलकर भी कुछ काम नहीं करना चाहिए।