Margashirsha Shivratri 2024: शिवरात्रि भगवान शिव और देवी पार्वती के मिलन का प्रतीक मानी जाती है। इस दिन शिव भक्त व्रत रखकर और पूजा-अर्चना कर शिव की कृपा प्राप्त करते हैं। मासिक शिवरात्रि हर माह की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती हैं। मार्गशीर्ष शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा करने से कालसर्प दोष, पितृ दोष और अन्य ज्योतिषीय दोषों का निवारण होता है। साथ ही भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन की गई पूजा और शिव मंत्रों का जाप, तंत्र और मंत्र साधना के लिए अत्यधिक प्रभावी होती है।
कब है मार्गशीर्ष शिवरात्रि 2024?
इस साल मार्गशीर्ष शिवरात्रि 29 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। इसे अगहन शिवरात्रि भी कहा जाता है। इस बार का यह पावन पर्व शोभन योग और स्वाति नक्षत्र में पड़ रहा है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है। दरअसल मार्गशीर्ष माह की चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 29 नवंबर को सुबह 08:39 बजे से हो रहा है, वहीं इसका समापन 30 नवंबर को सुबह 10:29 बजे होगा। ऐसे में मार्गशीर्ष शिवरात्रि 29 नवंबर, शुक्रवार को ही मनाई जाएगी।