Karwa Chauth 2024: करवा चौथ का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना गया है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी दांपत्य जीवन के लिए निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को चंद्रोदय होने के बाद पूजा करती हैं। पूजा संपन्न होने के बाद महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करती हैं। इस दिन हर महिला को चांद को देखने का बेसब्री से इंतजार रहता है। रात को जैसे चांद का दीदार होता है, महिलाएं छलनी में अपने पति का चेहरा देखकर अपना व्रत खोलती हैं। कई बार ये इंतजार बहुत भारी भी पड़ जाता है, क्योंकि कभी-कभी समय पर चांद का दीदार नहीं हो पाता। दरअसल, इस व्रत को चांद के निकलने के बाद ही खोला जाता है। लेकिन कई बार बादल या बारिश के कारण चांद नजर नहीं आता है। ऐसे में व्रती महिलाएं परेशान हो जाती हैं। यदि आपके साथ भी कुछ ऐसा हो तो परेशान न हों, इसके लिए कुछ उपाय करके व्रत का पारण किया जा सकता है।