Ganga Saptami 2022 : पुराणों के अनुसार गंगा सप्तमी के दिन गंगा नदी पर जाकर स्नान,ध्यान तथा दान करना चाहिए, इससे मनुष्य अपने सभी पापों से मुक्ति पाता है। यदि कोई मनुष्य पवित्र नदी तक नहीं जा पाता,तब वह अपने घर के पास की किसी नदी पर मां गंगा का स्मरण करते हुए स्नान करे और यह भी संभव नहीं हो तो मां गंगा की कृपा पाने के लिए इस दिन गंगाजल का स्पर्श और सेवन अवश्य करना चाहिए। विष्णु पुराण में लिखा है कि गंगा का नाम लेने, सुनने, उसे देखने, उसका जल पीने,स्पर्श करने, उसमें स्नान करने तथा सौ योजन (कोस) से भी गंगा नाम का उच्चारण करने मात्र से मनुष्य के तीन जन्मों तक के पाप नष्ट हो जाते हैं। इतना ही नहीं इस दिन गंगाजल से जुड़े कुछ सरल उपाय करने से अनेक प्रकार की परेशानियां दूर होती हैं।