हिमाचल प्रदेश की राजधानी में मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान हुआ है। शहर में कई जगह भूस्खलन और नालों का मलबा सड़कों पर आने से आठ गाड़ियां दब गईं। कई जगह सड़कों का पानी दुकानों और घरों में घुस गया। शहर में बुधवार सुबह नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की आधा दर्जन सड़कें बंद रहीं। भारी बारिश से ढली और चमयाणा क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
चमयाणा में नाले का मलबा सड़क पर आ गया। इससे यहां सड़क किनारे खड़े दो बाइक, एक ब्रेजा गाड़ी और एक पिकअप मलबे में दब गई। सड़क का एक हिस्सा भी बह गया है। नाले के मलबे से गोशाला को नुकसान पहुंचा है। सुबह स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और नेशनल हाइवे प्रबंधन को इस नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया। बोले कि ढली टनल से लेकर मल्याणा तक एनएच के कलवर्ट और नालियां बंद हैं।