तनिषा भारद्वाज
- फोटो : संवाद
तनिषा का सपना सीए बनना
कॉमर्स संकाय में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाली तनीषा भारद्वाज चार्टर्ड अकाउंटेंट(सीए) बनना चाहती हैं। तनीषा का मानना है कि पढ़ाई को अंकों के पीछे दौड़ के बजाय ज्ञानवर्धन के लिए किया जाना चाहिए। इससे बेहतर अंक खुद आ जाएंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठठल की छात्रा तनीषा भारद्वाज ने 12वीं कक्षा बोर्ड परीक्षा में 500 में से 490 अंक (98 प्रतिशत) हासिल किए। तनीषा ने बताया कि स्कूल के अलावा वह प्रतिदिन पांच से छह घंटे तक खुद पढ़ाई करती थीं। इसके अलावा उसने कहीं से किसी प्रकार की ट्यूशन नहीं ली। कोविड काल के चलते स्कूलों में ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई पर तनीषा का कहना है कि किसी भी बात को लेकर उसे कोई संशय होता था तो वह अपने अध्यापकों से संपर्क करती थीं। कहा कि उसे पढ़ाई में माता-पिता के अलावा स्कूल के अध्यापकों का पूरा सहयोग मिला। तनीषा को पढ़ने और बैडमिंटन खेलने का शौक है। उसके पिता त्रिभुवन भारद्वाज एक स्थानीय निजी उद्योग में कार्यरत हैं। जबकि माता सीमा देवी गृहिणी हैं। उसका बड़ा भाई विद्यांश जेईई मेन की तैयारी कर रहा है। तनीषा की कामयाबी पर उसके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। नपं अध्यक्ष इंदू बाला, पूर्व विधायक नवीन धीमान, स्कूल प्रधानाचार्य कलदेव शर्मा सहित स्टाफ सदस्यों ने भी तनीषा को उसके घर जाकर शुभकामनाएं दीं।