फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में भारी बारिश से तबाही; पुल बहा, दो एनएच, 100 सड़कें बंद

Mon, 06 Aug 2018 11:35 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/कांगड़ा/मंडी
विज्ञापन
1 of 9
हिमाचल में पिछले दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई है। दो नेशनल हाईवे समेत 100 के करीब संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान कांगड़ा, मंडी, चंबा और हमीरपुर जिले में हुआ है। खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। सीएम का हेलीकाप्टर भी नहीं उड़ सका। 
विज्ञापन

2 of 9
उन्हें सड़क मार्ग से चंबा पहुंचना पड़ा। मकानों, दुकानों और गोशालाओं को नुकसान हुआ है। प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। भाखड़ा समेत अन्य बांधों का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। बारिश को देखते कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है।
विज्ञापन

3 of 9
कांगड़ा के शाहपुर के नेरटी गांव में शनिवार रात भूस्खलन से एक मकान और छह गोशालाएं ढह गईं। गोशालाओं में बंधे 23 से अधिक पशु दब गए हैं। मकान में रहने वाले लोगों ने आधी रात को भाग कर जान बचाई। रक्कड़ और लंबागांव में दो दुकानें ढह गई हैं। लपियाणा पंचायत में खड्ड पर बना पुल पानी के तेज बहाव में बह गया। दो गांवों का संपर्क कट गया है।

4 of 9
मंडी की धर्मपुर तहसील के खेड़ी गांव में भारी बारिश से तीन गोशालाएं ध्वस्त हो गई हैं। ल्हासे गिरने से करीब एक दर्जन मकानों को खतरा हो गया है। जालंधर-मंडी वाया धर्मपुर और पठानकोट-मंडी एनएच बाधित हैं।
विज्ञापन

5 of 9
सड़क बहाल करते पारच्छु में अचानक चट्टानें गिरने से मजदूर बाल-बाल बचे। दो दर्जन संपर्क मार्ग अवरुद्ध चल रहे हैं। कोटरोपी में मूसलाधार बारिश से भारी मात्रा में मलबा पंदलाही गांव से सटी चट्टानों तक पहुंच गया। मलबे और पत्थरों के बहने की जोरदार आवाज से घबराए ग्रामीण घरों को छोड़ कर सतीधार जंगल रवाना हो गए। गांव से सटे जंगल में करीब 13 परिवारों ने खौफ के साए में रात बिताई।
विज्ञापन

6 of 9
रामपुर में 3 मेगावाट के नोगली विद्युत स्टेशन में बीते 28 जुलाई से उत्पादन ठप पड़ा है। नोगली खड्ड में बाढ़ से परियोजना की साइट को नुकसान पहुंचा है। लालढांग-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग-907 पर 5 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की दो किलोमीटर तक लंबी कतारें दोनों तरफ लगी रहीं।
विज्ञापन

7 of 9
सिरमौर में आधा दर्जन संपर्क मार्ग बारिश से अवरुद्ध हो गए हैं। बरसात के चलते लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सड़कें बहाल करने को डिवीजन और सब डिवीजन स्तर पर 15 से 20 जेसीबी और डोजर भेजे गए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन कुल्लू ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों व पर्यटकों को संवेदनशील इलाकों में न जाने को कहा है। साथ ही ब्यास किनारे रह रहे लोगों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी है। एचआरटीसी कुल्लू ने चालकों-परिचालकों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बसें नहीं चलाने को कहा है।

8 of 9
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। 11 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का पूर्वानुमान है। बहुत भारी बारिश के तहत 115 से 204 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना रहती है।
विज्ञापन

9 of 9
कहां कितनी बारिश- गगल 124, सिहुंता 123, नेहरी 121 नगरोटा सूरियां 113, ज्वाली 109, धर्मशाला 95, सरकाघाट 97, डलहौजी 83, सुजानपुर टीहरा 76, गुलेर 68, बैजनाथ 60, जोगिंद्रनगर 54, देहरा 42, पांवटा 40, शिमला और मनाली में पिछले 24 घंटों में 11 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें