फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: शिक्षा के सितारों को सलाम, 32 शिक्षकों को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार, जानें उपलब्धियां

Sat, 05 Sep 2026 05:00 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला।

सार

हिमाचल में कई शिक्षक सरकारी ड्यूटी से आगे बढ़कर शिक्षा की लौ जला रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों में ये शिक्षक मिसाल पेश कर रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कोई अपनी पगार खर्च रहा है, तो कोई स्कूल में पढ़ाने के बाद भी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहा है। किसी ने पढ़ाने के साथ-साथ देश के लिए खिलाड़ी तराशे हैं, किसी ने डिजिटल लर्निंग और नवाचार में उदाहरण पेश किए हैं। ऐसे ही शिक्षकों को शनिवार को शिक्षक दिवस पर शिमला के लोकभवन में भव्य राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने राज्य शिक्षक पुरस्कार और विशेष सम्मान से अलंकृत किया। पढ़ें इन शिक्षकों की उपलब्धियां...
विज्ञापन
1 of 15
राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक राज्यपाल कविंद्र गुप्ता के साथ सामूहिक चित्र में। - फोटो : अमर उजाला
पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा हासिल करने की ओर बढ़ रहे हिमाचल में कई शिक्षक सरकारी ड्यूटी से आगे बढ़कर शिक्षा की लौ जला रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों में ये शिक्षक मिसाल पेश कर रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कोई अपनी पगार खर्च रहा है, तो कोई स्कूल में पढ़ाने के बाद भी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहा है। किसी ने पढ़ाने के साथ-साथ देश के लिए खिलाड़ी तराशे हैं, किसी ने डिजिटल लर्निंग और नवाचार में उदाहरण पेश किए हैं। ऐसे ही शिक्षकों को शनिवार को शिक्षक दिवस पर शिमला के लोकभवन में भव्य राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने राज्य शिक्षक पुरस्कार और विशेष सम्मान से अलंकृत किया। इस दाैरान स्कूल, कॉलेज, तकनीकी शिक्षा क्षेत्र से जुड़े 32 शिक्षक, संकाय सदस्य और प्रशिक्षक राज्य स्तर पर सम्मानित किए गए। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, एमसी शिमला मेयर सुरेंद्र चाैहान सहित शिक्षा सचिव राकेश कंवर, दोनों निदेशालयों के निदेशक व अन्य गणमान्य लोग माैजूद रहे।

तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में पांच शिक्षकों को भी किया सम्मानित
तकनीकी शिक्षा विभाग के पांच संकाय सदस्यों और प्रशिक्षकों को इस वर्ष श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें फार्मेसी कॉलेज नगरोटा बगवां के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. विवेक कुमार शर्मा, जेएन राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. रितेश कौंडल, राजकीय आईटीआई पधर जिला मंडी के फिटर ट्रेड के प्रशिक्षक पोहलो राम, इलेक्ट्रिशियन ट्रेड प्रशिक्षक रवि दत्त तथा राजकीय आईटीआई मंडी के कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड के प्रशिक्षक सुभाष चंद शामिल हैं। 
विज्ञापन

2 of 15
स्नेह लता, जगदीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
स्नेह लता ने ग्रामीण बेटियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया,  जगदीश ने 100 से अधिक खिलाड़ियों को दिलाई नौकरी
बिलासपुर। बच्छड़ी (मोरसिंघी) निवासी स्नेह लता बेटियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने की मिसाल बन चुकी हैं। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने वर्ष 2010 में कोचिंग शुरू की। नर्सरी से करीब 60 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर  खेल चुके हैं। राष्ट्रीय खेल-2023 की स्वर्ण पदक विजेता हिमाचल महिला हैंडबाल टीम की मुख्य कोच रहीं।  वहीं औहर स्कूल के जगदीश कुमार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और समर्पित खेल शिक्षक हैं। वर्ष 2006 से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में 100 से अधिक प्रशिक्षित खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली। 
विज्ञापन

3 of 15
खेंचोग जंगपो, राकेश सिंह। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
जंगपो ने भारी बर्फबारी में भी जलाए रखी शिक्षा की लौ, 20 वर्षों से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे राकेश सिंह
केलांग (लाहौल-स्पीति)। टीजीटी नॉन मेडिकल खेंचोग जंगपो ने खेंचोग जंगपो ने वर्ष 2019 में पिन वैली के राजकीय विद्यालय गुलिंग में टीजीटी नॉन मेडिकल के रूप में सेवाएं शुरू की थीं। सर्दियों में भारी बर्फबारी के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी। स्कूल के विद्यार्थी अब शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।  

धनेटा (हमीरपुर)।मझेली में कार्यरत शारीरिक शिक्षा शिक्षक राकेश सिंह 20 वर्षों से विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और उन्हें विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने खिलाड़ियों को वॉलीबाल, हैंडबाल और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया। स्कूल की टीमों ने प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। 

4 of 15
पूर्णिमा, डीपीई रोशन। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विद्यार्थियों को पर्यावरण और नवाचार से जोड़ रहीं पूर्णिमा, डीपीई रोशन के प्रशिक्षण से युवाओं को मिला मार्गदर्शन
बड़ा (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जलाड़ी में कार्यरत टीजीटी मेडिकल शिक्षिका पूर्णिमा कुमारी का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। वह विद्यार्थियों को विज्ञान शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और नवाचार से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। विद्यार्थियों ने वेस्ट टू बेस्ट थीम पर विभिन्न मॉडल और नवाचार तैयार किए हैं। 

नेरचौक (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्ह में कार्यरत डीपीई रोशन भारती के मार्गदर्शन में 98 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें से 22 खिलाड़ी स्पोर्ट्स कोटे के तहत सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं। हाल में 15 और खिलाड़ियों का स्पोर्ट्स कोटे में चयन हुआ। 
विज्ञापन

5 of 15
रोशनी देवी, सृष्टि शर्मा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
तीन प्राथमिक विद्यालयों के भवन का करवाया निर्माण, सिरमौर की सृष्टि शर्मा ने नवाचार को दिया बढ़ावा 
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला राजपुरा में मुख्य शिक्षिका के पद पर तैनात रोशनी देवी ने तीन प्राथमिक विद्यालयों की विद्यालय प्रबंधन समितियों को जागरूक करके और उनसे प्राप्त अनुदान राशि से पाठशाला भवन का निर्माण करवाया। जिसमें प्राइमरी स्कूल कुम्हारहट्टी, दभोटा व राजपुरा शामिल हैं। 

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर की राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर में जेबीटी सृष्टि शर्मा को दूसरी बार यह सम्मान मिलने जा रहा है। सृष्टि शर्मा ने पाठशाला में न केवल नवाचार को बढ़ावा दिया, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने में भी अग्रणी भूमिका अदा की। प्री प्राइमरी कक्षाओं का संचालन शुरू कर प्रवेश संख्या बढ़ाई। 
विज्ञापन

6 of 15
अजय कुमार, किरण कुमार। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
अजय कुमार के प्रयास से हुई 31.65 फीसदी नामांकन वृद्धि
रिकांगपिओ। किन्नौर की देवी चंडिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता अजय कुमार ने शिक्षा और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके 16 वर्षों के सेवाकाल में विद्यालय में 31.65 फीसदी छात्र नामांकन की अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। 30 निर्धन विद्यार्थियों की 12वीं कक्षा तक की फीस वहन की।

किरण कुमार का शिक्षा, खेल सामाजिक सेवा में योगदान
 राजकीय माध्यमिक पाठशाला यंगपा-2 में कला अध्यापक किरण कुमार ने शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कक्षा नौवीं और दसवीं के कला विषय के मॉडल प्रश्न-पत्र तैयार किए। छठी से आठवीं तक की ड्राइंग पाठ्यपुस्तकों के विकास में भी सहयोग किया। 
विज्ञापन

7 of 15
राकेश कुमार, संजय कुमार नेगी। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राकेश कुमार ने तैयार किए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, गतिविधि आधारित शिक्षण पर संजय नेगी ने दिया जोर
रिकांगपिओ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाना कल्पा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक राकेश कुमार ने 24 वर्षों की सेवा में कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर सात स्वर्ण पदक जीते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर तीन रजत और एक कांस्य पदक भी हासिल किए गए हैं। राजकीय प्राथमिक पाठशाना खदूरा में सेवाएं दे रहे जेबीटी शिक्षक संजय कुमार नेगी ने बाल-केंद्रित और गतिविधि-आधारित शिक्षण पर जोर दिया। नेगी ने रिसोर्स पर्सन, टीचर ट्रेनर और राज्य संसाधन समूह जैसे विभिन्न शैक्षणिक दायित्वों का भी निर्वहन किया। उन्होंने समावेशी शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। 

8 of 15
इंद्र प्रकाश, बलवंत झौहटा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
शिक्षक इंद्र प्रकाश वर्षभर लगाते हैं अतिरिक्त कक्षाएं, बलवंत झौहटा ने शिक्षा और खेलों में दिया उत्कृष्ट योगदान
रिकांगपिओ। राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला खवांगी के शिक्षक इंद्र प्रकाश स्कूल समय के बाद पूरे वर्ष अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन करते हैं। इन कक्षाओं से छात्रों को अपनी पढ़ाई में मदद मिलती है और वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। कनिष्ठ बुनियादी शिक्षक इंद्र प्रकाश के प्रयासों से यह विद्यालय जिले में एक मिसाल बन गया है। 

शिमला। ठाकुर रामलाल स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स जुब्बल के इंचार्ज बलवंत झौहटा को शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया। उनके कार्यकाल में एक वर्ष में खेलकूद में 43 छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। 5 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, स्पोर्ट्स जुब्बल को अपग्रेड किया गया और सुविधाएं भी बढ़ीं।

9 of 15
सारिका आहूजा, सारिका आहूजा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सारिका आहूजा ने पर्यावरण संरक्षण में किया बेहतर काम, लोकेंद्र नेगी ने विद्यार्थियों के लिए शुरू किया शून्य काल
शिमला। सरोग स्कूल की प्रधानाचार्य सारिका आहूजा ने पर्यावरण संरक्षण में बेहतर काम किया। बीते दो वर्षों में स्कूल ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है। ग्रीन स्कूल प्रोग्राम में स्कूल राष्ट्रीय स्तर 5 फीसदी स्कूलों में जगह बनाई है। 2024 और 2025 में लगातार दो बार अवार्ड जीता है। स्कूल के छात्र ने वीरगाथा कार्यक्रम में देशभर में अवार्ड जीता। वहीं  प्राथमिक विद्यालय पोर्टमोर स्कूल के मुख्य अध्यापक लोकेंद्र नेगी के कार्यकाल में प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 454 से बढ़कर 503 हुई। बच्चों में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए साप्ताहिक एक घंटे का शून्य काल शुरू किया गया। दो विद्यार्थियों का मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ। 

10 of 15
वीरेंद्र चौहान, तिलक राज राणा - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
वीरेंद्र चौहान ने किया साक्षरता अभियान में बेहतर काम, तिलक राज राणा ने विज्ञान संबंधी गतिविधियों में बच्चों को किया प्रोत्साहित 
शिमला। डाइट शिमला के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह चौहान ने एनआईएलपी/ यूएलएलएएस के राज्य नोडल अधिकारी के रूप में प्रदेश में साक्षरता अभियान को प्रभावी नेतृत्व दिया। उनके नेतृत्व में 94,930 गैर-साक्षरों का पंजीकरण, 19,232 स्वयंसेवी शिक्षकों की भागीदारी और तीन एफएलएनएटी परीक्षाओं का सफल आयोजन हुआ।

लंबागांव (कांगड़ा)।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालकरूपी के रसायन शास्त्र के प्रवक्ता तिलक राज राणा ने विद्यार्थियों में विषय की बेहतर समझ विकसित करने के साथ विज्ञान संबंधी गतिविधियों में प्रोत्साहित किया। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में विद्यालय के विद्यार्थियों ने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में शानदार प्रदर्शन किया है। 

11 of 15
ललित ठाकुर, ललित ठाकुर - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए दिया अहम योगदान
करसोग (मंडी)।
पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांगणा के शिक्षक ललित ठाकुर ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, स्कूल को समुदाय के साथ जोड़ने तथा शिक्षा और समन्वय के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पीएम स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी गर्व का विषय है। 

निशुल्क कोचिंग से विद्यार्थियों का हुआ संस्थानों में चयन
रिकांगपिओ। राजकीय प्राथमिक पाठशाना खोंटा में कार्यरत जेबीटी मनोज नेगी ने जवाहर नवोदय विद्यालय और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी। 12 साल से मनोज नेगी निशुल्क कोचिंग दे रहे हैं। इस पहल से अब तक लगभग 80 छात्रों का विभिन्न संस्थानों में चयन हुआ है। इससे कई वंचित छात्र आगे बढ़े। 

12 of 15
चमन लाल, हरबंस शर्मा - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
चमन लाल ने भवन को सुधार स्कूल को मॉडल बना दिया
शिमला। राजकीय प्राथमिक पाठशाला नंदला में तैनात जेबीटी शिक्षक चमन लाल के प्रयास से स्कूल में छात्रों की संख्या 12 से बढ़कर 63 पहुंच गई। इस गांव से पिछले तीन साल से एक भी बच्चा निजी स्कूल में नहीं गया है। स्कूल भवन को सुधारकर मॉडल स्कूल बना दिया है। एक छात्र ने नवोदय की परीक्षा पास की।

हरबंस शर्मा ने नवाचार को दिया प्रोत्साहन
बिलासपुर। जुखाला कॉलेज के प्राचार्य हरबंस लाल शर्मा के 55 से अधिक शोध-पत्र और सात पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। वह एमफिल और पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन भी करते हैं। अगस्त 2023 से जुलाई 2026 तक नेरवा कॉलेज के प्राचार्य रहते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत ढांचे, डिजिटल सुविधाओं में सुधार के साथ प्रशासनिक पारदर्शिता, छात्र कल्याण पर जोर दिया।

13 of 15
पंकज बासोतिया, डॉ. प्रशांत रमण रवि। - फोटो : अमर उजाला
पंकज बासोतिया ने नवाचार सुविधाओं का किया विकास 
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर के प्राचार्य पंकज बासोतिया ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने राज्य रैंकिंग, पुस्तकालय विकास और आधारभूत ढांचे में प्रगति की है। वर्चुअल कक्षाओं, कौशल प्रयोगशालाओं और नवाचार सुविधाओं का भी विकास हुआ है।महाविद्यालय ने उन्नत भारत अभियान के तहत पांच गांवों को गोद लेकर समाज से जुड़ाव भी मजबूत किया है। एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स एंड रेंजर्स जैसी गतिविधियां सक्रिय रखीं। 

प्रशांत का ऑनलाइन शिक्षण में अहम योगदान
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा के युवा प्राध्यापक डॉ. प्रशांत रमण रवि को शिक्षण में नवाचार, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल और हिंदी विषय को विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। यूट्यूब के माध्यम से पाठ्यक्रम आधारित 500 से अधिक शैक्षणिक वीडियो तैयार किए हैं। जटिल अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया है।

14 of 15
रविकांत, डॉ.समजीत सिंह ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला
विद्यार्थियों को कॅरिअर की राह दिखा रहे 
नादौन (हमीरपुर)। सिद्धार्थ राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर रविकांत पिछले 17 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अध्यापन के साथ विद्यार्थियों को कॅरिअर काउंसलिंग के माध्यम से रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक किया। उनके मार्गदर्शन में कई विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। 

समजीत ने ऑनलाइन शिक्षा से जोड़े विद्यार्थी
हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के रसायन विज्ञान के सहायक आचार्य लेफ्टिनेंट डॉ.समजीत सिंह ठाकुर 17 वर्षों से शिक्षण और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने 1000 से अधिक विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ा है। उन्हें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की से दो राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने 41 शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। 
विज्ञापन

15 of 15
प्रधानाचार्या मंजरी वी महाजन। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राष्ट्रीय पुरस्कार : मंजरी ने नवाचार आधारित शिक्षण की पेश की मिसाल
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर टीहरा (सीबीएसई) की प्रधानाचार्या मंजरी वी महाजन का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हुआ है। महाजन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार आधारित शिक्षण, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों और प्रभावी विद्यालय नेतृत्व के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें