हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक मंगलवार को राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों पदों को भरने के अलावा कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में सभी मंत्री मौजूद रहे। प्रदेश सचिवालय में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के स्थान पर लिपिक के 100 पद भरने और वर्ष 2022 और 2023 में संभावित रिक्तियों के दृष्टिगत लिपिक के 50 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट ने वर्ष 2020-21 के लिए अटल स्कूल वर्दी योजना के तहत कक्षा पहली, तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग प्रदान करने के उद्देश्य से इनकी खरीद, आपूर्ति और वितरण की स्वीकृति प्रदान की।
इससे प्रदेश की विभिन्न राजकीय पाठशालाओं में अध्ययनरत लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को लाभ होगा और इस पर लगभग नौ करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। कैबिनेट ने राज्य में स्वर्ण जयंती परंपरागत बीज सुरक्षा एवं संवर्द्धन योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य पारंपरिक फसलों के उत्पादन व उत्पादक क्षमता में वृद्धि, पारंपरिक फसलों की पोषण सुरक्षा में सुधार और किसानों की आय दोगुनी करना है।