हिमाचल प्रदेश के मनाली में बुधवार को इंटरनेट सेवाएं बहाल होने के बाद तीन दिन पहले बाढ़ से हुई तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी हैं। तीन दिन पहले बारिश से ब्यास नदी में आई बाढ़ से मनाली में भारी तबाही हुई है। उफनती ब्यास में भवन, वाहन तिनके की तरह बह गए। इस तबाही के वीडियो, तस्वीरें अब वायरल हो रहे हैं। कई जगह सड़क का नामोनिशान मिट गया। बाहंग में उफनती ब्यास में कैफे बह गया। वहीं, आलू ग्राउंड में ग्रीन टैक्स बैरियर व मिडल स्कूल का भवन नदी में बह गया।
मनाली में रसोई गैस के लिए हाहाकार
मौसम खुलने के बाद जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है लेकिन दुश्वारियां और बढ़ने लगी हैं। बाढ़ के बाद मनाली में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के लिए हाहाकार मच गया है। पेट्रोल पंपों में स्टॉक खत्म हो गया है जबकि रसोई गैस के लिए लोगों को लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। ब्रेड, दूध, अंडे और सब्जियों की सप्लाई नहीं होने से इन वस्तुओं का संकट गहरा गया है।