सैकड़ों घर फोरलेन की जद में हैं। ब्लास्टिंग से घरों में दरारें आ गई हैं। लोग दहशत के साये में रातें काट रहे हैं। फिर भी न मुआवजा मिला और न अंतरिम राहत। बात हो रही है हिमाचल के जिला बिलासपुर के स्वारघाट क्षेत्र के गांवों की। क्षेत्र में विकास के नाम पर सैकड़ों मकान फोरलेन की जद में आ गए हैं। कई जगह तो बच्चों को स्कूल जाने के लिए रास्ता नहीं रहा है। प्रशासन से मामला उठाने पर कहा जाता है कि जब तक रास्ता नहीं बनता, बच्चों को स्कूल ही मत भेजो। गुस्साए लोगों ने सरकार को काले झंडे भेजे। मुख्य सचिव को चूड़ियां तक भेजी गईं, लेकिन समस्या जस की तस रही। फिर लोगों ने जिले के सरकारी दफ्तरों को बंद करने के लिए ताले भेज दिए। बावजूद इसके नतीजा सिफर रहा। लोगों का यहां तक कहना है कि कुछ जनप्रतिनिधि सीधे कहते हैं कि जब तक उन्हें सुनने लोगों की भीड़ नहीं जुटेगी, वे नहीं आ सकते हैं
विज्ञापन
2 of 9
विकास के नाम पर सैकड़ों लोगों के घर उजड़ने की कगार पर हैं। कहने को तो यहां सड़क परियोजना का कार्य चल रहा है। स्वारघाट क्षेत्र के गरा भगेरी, कैंची मोड़, थापना और नरली गांवों के सैकड़ों परिवार ऐसे हैं जिनके घर फोरलेन निर्माण की जद में आ गए हैं। सरकार और प्रशासन ने कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन परिणाम हर बार शून्य रहा। लोगों ने कई बार चुने हुए जन प्रतिनिधियों से समस्या के समाधान की मांग उठाई, लेकिन उनका भी मानों लोगों की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। प्रशासन से गुहार लगाई गई तो कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं। ऐसे में सवाल उठता है कि संकट की इस घड़ी में लोग कहां जाएं? भारत सरकार को भी सैकड़ों पत्र भेजे जा चुके हैं। विधायक रणधीर शर्मा ने लोगों की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह भी आश्वासन ही रह गया।
विज्ञापन
3 of 9
गरा भगेरी गांव की महिला मंडल प्रधान विमला शर्मा, रोशनी देवी, वंदना देवी, नीलम कुमारी, रंजना देवी, अंबिका देवी, सुदेश, सुषमा, अनीता, राजकुमारी, रत्नी देवी और फूलां देवी ने कहा कि गांव के करीब 10 घरों को फोरलेन निर्माण में हो रही ब्लास्टिंग से खतरा बना हुआ है। रास्ता टूट गया है। बच्चों को भेजना मुश्किल हो गया है। संबंधित अधिकारी कहते हैं कि जब तक रास्ता नहीं बनता, तब तक बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर दो। रोशनी देवी कहती हैं कि उनका घर धंस गया। रसोईघर टूट गया है। 80 हजार रुपये खर्च कर इसे दोबारा बना पड़ा। घर की दरारें ठीक करने में हजारों रुपये लग गए। मुआवजे के नाम पर कुछ नहीं मिला।
4 of 9
कैंची मोड़ निवासी मीरा शर्मा, शिव कुमार शर्मा, मेहला निवासी राजकुमार, जीतराम और नंदलाल कहते हैं मकानों में दरारें आ गई हैं। जब आसपास फोरलेन निर्माण में लगी मशीनें चलती हैं तो मकान हिलने लगते हैं। कई बार तो रात को भी डर से जागना पड़ता है। क्षेत्र के करीब 15 घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
विज्ञापन
5 of 9
स्वारघाट क्षेत्र के थापना और नरली गांवों के दर्जनों लोगों के घर कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन की भेंट चढ़ गए हैं। थापना के लोगों में गीतों देवी, रामपाल, सुखराम, जगदीश चंद, प्रकाश चंद, वार्ड सदस्य थापना वार्ड शिव देई, नंद लाल, शंभूराम, कृष्णा, रंगीराम, दीप राम, अशोक कुमार और मदन लाल कहते हैं कि पुराने और नए घरों में फोरलेन निर्माण के दौरान इलेक्ट्रिक ब्लास्टिंग से दरारें आ गई हैं। थापना के समीपवर्ती गांव नरली में भी आधा दर्जन लोगों के घरों को दरारें आ गई हैं। नरली गांव के देवीराम, रमेश चंद, जगत राम, कमल किशोर के मुताबिक उनके घर टनल नंबर 2 थापना नरली में हो रही ब्लास्टिंग से थर्रा जाते हैं। पुराने के साथ नए घर भी फोरलेन की भेंट चढ़ गए हैं।
विज्ञापन
6 of 9
मुख्य सचिव वीसी फारका ने कहा कि लोगों की समस्या के समाधान के लिए जिला उपायुक्त को आदेश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा। श्री नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि इस मामले में लोगों की घरों की मरम्मत करने के कंपनी को आदेश दिए हैं। कहा कि कुछ घरों की रिपेयर कर दी गई है। फिर से लोगों के घरों में दरारें आ गई हैं।
विज्ञापन
7 of 9
तहसीलदार स्वारघाट जसवाल ने कहा कि प्रभावितों की समस्या का समाधान करने को कमेटी बनाई गई है। इसकी रिपोर्ट नहीं मिली है। जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, आगामी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। उचित कार्रवाई प्रशासन की ओर से की जाएगी।
8 of 9
बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने कहा कि फोरलेन से हो रहे नुकसान से लोगों में आक्रोश है। प्रशासन और फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी से कहा है कि इस मामले को गंभीरता से लें, नहीं तो लोगों का उग्र गुस्सा सड़क पर उतर आएगा।
कंपनी को चाहिए कि पानी, सड़क, रास्तों और स्कूलों का प्रबंध करवाए। फोरलेन निर्माण के दौरान पानी के स्रोत सूख चुके हैं। पानी के पाइप उखड़ चुके हैं। मामले को सरकार से प्रमुखता से उठाया जाएगा।