ओक ओवर शिमला में सीएम जयराम ठाकुर के जन्मदिन पर आधा दर्जन से ज्यादा केक कटे। खूब लड्डू-बर्फी और अन्य मिठाइयां बंटीं। मुख्यमंत्री को एक-एक फूल थमाकर लोगों ने शनिवार को उन्हें जन्मदिन की बधाइयां दीं। ठाकुर ने एक दिन पहले ही ये कहा था कि उन्हें गुलदस्तों के बजाय फूल भेंट किए जाएं। गुलदस्तों के लिए नए मुख्यमंत्री की न के बाद लोगों ने उन्हें एक-एक फूल देकर शुभकामनाएं दीं। जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर का शनिवार को व्रत था, इसलिए डा. साधना ने पहला केक काटने के बाद इसे पति जयराम को खिलाया। खुद व्रत तोड़ने के बाद खाया। गुलदस्ता लिए मंत्री, भाजपा नेता और अधिकारी जयराम ठाकुर से मिलते रहे। कई कतार में भी लगे रहे। शनिवार सवेरे से ही ओक ओवर शिमला में नए सीएम जयराम ठाकुर को बधाइयां देने के लिए हिमाचल के कोने-कोने से लोग उमड़ आए। इससे पहले जयराम ठाकुर ने जन्मदिन पूजा की। ओक ओवर शिमला में ही ग्रह शांति के लिए उन्होंने नवग्रहों का पूजन करवाया। लगभग दस बजे से सीएम जयराम ठाकुर ने लोगों से मिलने का सिलसिला शुरू किया। लोग केक, गुलदस्ते, मिठाइयां आदि लेकर आते रहे और बधाइयां देते रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपना 53वां जन्मदिन मनाया। जयराम ठाकुर का जन्म जिला मंडी की तहसील थुनाग के गांव तांदी में 6 जनवरी 1965 को हुआ था। जन्मदिन के बाद सीएम ने शिमला के कृष्णा वार्ड में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान का शुभारंभ किया।