अमर उजाला फाउंडेशन की मेधावियों के लिए चलाई गई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2018 में नवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के होनहारों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। राजधानी की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) में जुटे होनहारों ने कहा कि अमर उजाला ने अपने दम के बूते आगे बढ़ने की राह दिखाई। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने बातचीत में कहा कि यह परीक्षा सिर्फ छात्रवृत्ति की परीक्षा न होकर अपनी क्षमता के आकलन का एक बेहतरीन माध्यम है। परीक्षा में आए प्रश्नों को लेकर परीक्षार्थियों ने कहा कि जो आज तक पढ़ा था, रोजमर्रा के राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर आधारित प्रश्न ही पूछे गए थे। परीक्षा में बैठने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव भी हुआ है। हर लिहाज से अमर उजाला की यह पहल उनके लिए उपयोगी और लाभदायक होने के साथ एक नया अनुभव रहा।