फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Women Self Growth: महिलाएं, क्या आप सही जगह पर अपना समय और ऊर्जा निवेश कर रही हैं? जानें इसका राज

Wed, 10 Dec 2025 05:25 PM IST
शिवानी अवस्थी लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला

सार

निवेश सिर्फ गहनों, प्रॉपर्टी या शेयर मार्केट में ही नहीं होता, बल्कि रिश्तों में भी होता है। रिश्तों में आपकी भावनाओं, समय और ऊर्जा का निवेश होता है। यह इन्वेस्टमेंट गलत हो जाए तो चिंता, तनाव और अवसाद तक देता है। ऐसे में सही निवेश वही है, जिससे आपको मिलता है- खुशियों का रिटर्न।
विज्ञापन
1 of 7
Women - फोटो : Pexel
मेघा राठी

‘इन्वेस्टमेंट’ शब्द सुनते ही दिमाग में सबसे पहले पैसा ही चमकता है, लेकिन सच्चा निवेश सिर्फ रुपये-पैसे तक सीमित नहीं होता। मनुष्य अपनी ऊर्जा, समय, भावनाएं और रिश्तों में भी बराबर निवेश करता है, खासकर महिलाएं। आप सहजता से परिवार, दोस्तों और समाज के लिए अपना सब कुछ दे देती हैं, अक्सर यह सोचे बिना कि लौटकर क्या मिलेगा। कई बार यह अदृश्य निवेश आपको थकान, तनाव और खोखले रिश्तों के सिवा कुछ नहीं देता। लेकिन अब समय आ गया है कि आप समझें कि निवेश किसी भी तरह का हो, बेहतर रिटर्न तभी मिलेगा, जब सही दिशा में किया गया हो। जीवन के हर रिश्ते और हर निर्णय में यह सोचना जरूरी है कि क्या यह मुझे संवार रहा है या समाप्त कर रहा है। खुद पर किया गया यह निवेश आपको सीखने, आगे बढ़ने, अपने सपनों को स्थान देने और खुद से मिलने में मदद कर सकता है। इसलिए जरूरी है कि अब महिलाएं जागरूक होकर अपना समय उन जगहों पर लगाएं, जहां उनका सम्मान भी हो और विकास भी। यही होगा एक सही इन्वेस्टमेंट।
विज्ञापन

2 of 7
दफ्तर में काम करती महिला - फोटो : Adobe
पहला व्यय खुद पर

अक्सर महिलाएं दूसरों की जिम्मेदारियों में इतनी उलझ जाती हैं कि उनके पास अपने लिए न पर्याप्त समय बचता है, न ऊर्जा। मगर याद रखें, खुद का विकास ही सबसे बड़ा और सबसे मूल्यवान निवेश है।

सुप्रसिद्ध लेखिका सुधा मूर्ति कहती हैं, “आपको ऐसा लग सकता है कि आपके पास समय बहुत है, लेकिन असल में सबसे कीमती चीज वही है।” यही कारण है कि समय को व्यर्थ बातों में गंवाना जीवन के सबसे महंगे नुकसान की तरह है। इसलिए अनावश्यक सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग, चैटिंग, निंदा आदि मन को खाली करने के बजाय और अधिक थका देते हैं।

आप अपना समय वहीं लगाएं, जहां से मन को संतुलन, उद्देश्य और शांति मिले। इसके साथ ही यह भी समझें कि समय किन लोगों के साथ बिताया जा रहा है। जीवन में कुछ लोग ऊर्जा देते हैं और कुछ उसे चूस लेते हैं। खुद को उन लोगों के बीच रखें, जो आपको प्रेरित करें, आपके विचारों को ऊंचाई दें और आपके अस्तित्व को महत्व दें, न कि उन्हें, जो आपको छोटा या कमजोर महसूस कराएं। खुद पर किया गया यह निवेश आपको सबसे सुंदर रिटर्न देता है, जो खुशियों, मानसिक शांति और जीवंत ऊर्जा के रूप प्राप्त होता है।
विज्ञापन

3 of 7
वुमेन - फोटो : Adobe
‘न’ कहना भी एक निवेश

हर जगह सबके लिए उपलब्ध रहना आपकी जिम्मेदारी नहीं है। याद रखें, जहां आपके समय और ऊर्जा का सम्मान न हो, वहां ‘न’ कहना ही समझदारी है। आपके द्वारा बनाई गई सीमाएं आपको थकान से बचाती हैं और भीतर से टूटने से भी रोकती हैं। बचा हुआ समय आप उन कामों में लगा सकती हैं, जो जीवन की भाग-दौड़ में अक्सर रह जाते हैं। इसलिए अपने भीतर का उत्साह जगाएं और कला, संगीत, लेखन, कुकिंग, क्राफ्ट, बिजनेस जैसी रुचियों में समय दें। यह निवेश आपको भावनात्मक रूप से अधिक मजबूत और संतुलित बनाएगा।

4 of 7
तलाक क्यों लेते हैं पति-पत्नी - फोटो : Adobe
जहां सम्मान, वहीं लेन-देन

संध्या एक बुद्धिमान, संवेदनशील और कामकाजी महिला थी। ऑफिस में उसने अपने सहकर्मी अभिषेक से गहरी भावनाएं जोड़ लीं। उसे लगता था कि यह रिश्ता उसके जीवन में नई रोशनी लाएगा। उसने अपने परिवार, कॅरिअर, यहां तक कि आत्मसम्मान तक को दूसरे स्थान पर रख दिया, बस इस रिश्ते को बनाए रखने के लिए। स्थिति यह थी कि हर बार जब अभिषेक दूरी बनाता, वह और अधिक झुक जाती। उसके मूड, उसकी जरूरतें, उसकी खामोशियां सबको वह समझने की कोशिश करती रही, जबकि अभिषेक कभी यह सोचने की भी कोशिश नहीं करता कि संध्या के इस समर्पण के पीछे कितनी भावनाएं और उम्मीदें हैं। धीरे-धीरे रिश्ता एकतरफा होता गया।

जब तक संध्या उसके इशारों पर नाचती रही, रिश्ता चलता रहा, मगर जिस दिन उसने आत्मसम्मान के लिए आवाज उठाई और कहा, “अब मैं अपने लिए भी जीना चाहती हूं”, उसी दिन उनका रिश्ता भी खत्म हो गया। संध्या ने बहुत देर से समझा कि उसका प्रेम, धैर्य और उसकी भावनाएं सब गलत जगह इन्वेस्ट हो रही थीं। जहां से उसने अपनापन और सहारा मांगा, वहीं से उसे उपेक्षा और मौन मिला।

यह बात सच है कि रिश्ते जीवन की असली पूंजी हैं, मगर हर रिश्ता इस योग्य नहीं कि उसमें अपना सब कुछ लगा दिया जाए। यह एक चेतावनी है कि भावनाओं का निवेश वहां करें, जहां से आपको आदर और सम्मान मिले, न कि केवल अपेक्षा और उपेक्षा। इसलिए वे लोग, जो आपकी कद्र करते हैं, आपकी बात सुनते हैं और आपको मानसिक सुकून देते हैं, वे ही आपका असली निवेश हैं। बाकी रिश्ते सिर्फ समय और भावनाओं का खर्च हैं।

कई बार महिलाएं आत्मसम्मान की कीमत पर रिश्ते निभाती हैं, बिल्कुल संध्या की तरह। मगर याद रखिए, जहां सम्मान नहीं, वहां संबंध नहीं। यह भी सर्व सत्य है कि हर रिश्ता निभाने के लिए नहीं होता। कुछ को छोड़ देने से ही जीवन में सच्चे और सुकून देने वाले रिश्तों के लिए जगह बन पाती है।
विज्ञापन

5 of 7
Women - फोटो : Pexel
आत्मनिर्भरता की नींव पर पूंजी

महिलाओं के लिए आर्थिक निवेश केवल बचत भर नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता का आधार है। जब एक महिला अपने पैसों का प्रबंधन खुद करती है तो उसमें निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास स्वाभाविक रूप से बढ़ता है। ऐसे में छोटी-छोटी रकम का भी समझदारी से किया गया निवेश आपको आकस्मिक परिस्थितियों में मजबूत बनाता है और दूसरों पर निर्भर होने से बचाता है। इसी संतुलन से जीवन की गाड़ी सहज रूप से चलती है।

वित्तीय सलाहकार रचना मिश्रा कहती हैं, “महिला की आर्थिक स्वतंत्रता पैसे की सुरक्षा नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की नींव है।” इसलिए यह जरूरी है कि हर महिला अपनी पूंजी सही जगह और सोच-समझकर लगाए। रीना ने अपनी पुरानी सहेली को जरूरत पड़ने पर पैसे उधार दिए, लेकिन न पैसे लौटे, न सहेली की कोई जवाबदेही। इस अनुभव ने उसे सिखाया कि पैसा वहीं देना चाहिए, जहां विश्वास के साथ जवाबदेही भी तय हो, क्योंकि बिना जवाबदेही के भरोसा केवल भावनाओं का शोषक बन जाता है।

इसलिए आर्थिक निवेश अपने भविष्य के लिए करें, जैसे कि हेल्थ इंश्योरेंस, पीएफ, स्किल डेवलपमेंट, साइड कोर्सेस और डिजिटल फाइनेंशियल लिटरेसी जैसे क्षेत्रों में। यह समझदारी आपको एक सुरक्षित भविष्य के साथ ही आत्मसम्मान की शक्ति भी देती है।
विज्ञापन

6 of 7
Women - फोटो : freepik
ऊर्जा और भावनाओं का विनियोग

महिलाएं जन्मजात करुणाशील होती हैं। वे दूसरों की तकलीफ को अपना समझकर उसे सहने लगती हैं। लेकिन जब यही संवेदना गलत जगह खर्च हो तो भावनात्मक ऊर्जा बोझ में बदल जाती है। इसलिए हर किसी की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाना छोड़ दें। हर व्यक्ति अपने जीवन का स्वयं उत्तरदायी है। दूसरों की समस्याएं हल करने के प्रयास में खुद को थका देना न त्याग है, न प्रेम, यह सिर्फ आत्मक्षय है।

कुछ लोग केवल शिकायत करते हैं, समाधान नहीं ढूंढते। ऐसे लोगों से बिना स्वार्थ के दूरी बनाना आत्मसंरक्षण का एक बेहतरीन तरीका है। उसी तरह दूसरों की राय या व्यवहार से आत्ममूल्य को तय करना भी उचित नहीं। आपकी कीमत किसी की स्वीकृति से नहीं, बल्कि आपके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास से तय होती है।

अपनी भावनाओं का निवेश उन जगहों पर करें, जहां आपका मानसिक उत्थान हो, जैसे कि मेडिटेशन, जर्नलिंग, डिजिटल डिटॉक्स या प्रकृति के साथ बिताया शांत समय। ये आपकी थकी हुई ऊर्जा को पुनः भरने का सबसे सरल और प्रभावी तरीके हैं। साथ ही खुद पर थोड़ी दया करें। गलतियों पर खुद को कोसने के बजाय उससे सीखने पर जोर दें और अपने दुख को भी महत्व दें। खुद से प्रेम करना भी एक निवेश है और इसका रिटर्न हमेशा सकारात्मक, सशक्त और जीवनदायी होता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
सही आत्मप्रबंधन - फोटो : Pexel
सही आत्मप्रबंधन

चाहे बात समय की हो, रिश्तों की, ऊर्जा की या पैसों की, इन सभी का सही जगह किया गया निवेश ही सच्चा आत्मप्रबंधन है। इसलिए आज से अपना समय उन कार्यों में लगाएं, जो आपके भीतर आत्मविश्वास, स्थिरता और विकास का भाव जगाएं। रिश्ते भी उन्हीं के साथ बनाएं, जो आपको भावनात्मक सुरक्षा, सम्मान और अपनापन दें। अपनी भावनाएं और ऊर्जा उन्हीं पर खर्च करें, जो आपको उतना ही महत्व दें, जितना आप उन्हें देती हैं, क्योंकि आपका समय, प्रेम और ऊर्जा अनमोल हैं। यदि इन्हें समझदारी से निवेश किया जाए तो यही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बन सकते हैं।

मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा शर्मा कहती हैं, “भावनाओं और ऊर्जा का निवेश सही लोगों और सही जगह करें, तभी उसका वास्तविक रिटर्न मिलता है।” यह याद रखना जरूरी है कि जीवन केवल देने का नाम नहीं, बल्कि संतुलन का नाम है। हर निवेश का उद्देश्य केवल दूसरों को खुश करना नहीं होना चाहिए, उसमें आपका अपना विकास और संतुष्टि भी शामिल होनी चाहिए। जब आप यह समझ लेती हैं कि आपका समय, भावनाएं और ऊर्जा कितनी मूल्यवान हैं, तभी आपके निर्णय और भी सशक्त तथा स्पष्ट हो जाते हैं, क्योंकि सच्चा निवेश वही है, जो आपको भीतर से समृद्ध करे, सुकून दे और आपकी उन्नति का मार्ग खोले।

नो इन्वेस्टमेंट जोन
  • जहां आपको लगातार नजरअंदाज किया जाता है।
  • आपकी भावनाओं का मजाक बनाया जाता है।
  • आप हमेशा देने वाली और दूसरा सिर्फ लेने वाला बना रहता है।
  • ये कुछ आपके नो इन्वेस्टमेंट जोन हैं। ऐसे रिश्ते आपको खाली, बोझिल और असुरक्षित महसूस कराते हैं। यहां आपको भूल से भी निवेश नहीं करना चाहिए और दूरी बनाकर भावनाओं से लेकर अपने समय तक की बचत करनी चाहिए।

जो है, उसी में संतुष्ट रहना सीखें

दिल्ली विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वर्षा सिंह कहती हैं, महिलाओं के लिए पैसों से लेकर भावनाओं तक का सही ढंग से निवेश करना बेहद महत्वपूर्ण है। कारण है, उनका छोटी-छोटी बातों से अधिक प्रभावित हो जाना, जिसका असर उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसलिए कोशिश करें कि हर चीज को दिल पर न लें।

अगर आपको लगता है कि आपकी भावनाओं को महत्व नहीं दिया जा रहा है तो ऐसे लोगों से दूरी बना लें, बिना ज्यादा तनाव लिए। अपने पास जो है, उसी में संतुष्ट रहना सीखें। अधिक लोगों से जुड़ने की चाह आपके मन को चोट पहुंचा सकती है। परिस्थितियां खराब हों तो उनका सामना करें, उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर न देखें।

यदि आप सही दूरी नहीं बना पा रही हैं, तो अपना समय ऐसी गतिविधियों में लगाएं, जो आपको पसंद हों, जैसे किताबें पढ़ना, लिखना या कोई कलात्मक काम करना। इस तरह आप आत्मनिर्भर बनती हैं, मानसिक रूप से मजबूत होती हैं और खुश रहती हैं। यही आदतें आपके व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाती हैं और आप मानसिक एवं शारीरिक रूप से ऊर्जावान महसूस करती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें