राजस्थान के उदयपुर जूलॉजिकल पार्क में एक नया मेहमान आया है, जो केवल तमिल भाषा समझता है। उस मेहमान का नाम है-'रामा'। 'रामा' सफेद बाघ का नाम है, जिसे चेन्नई से लाया गया है। रामा सिर्फ तमिल समझता है और यह बात किसी को मालूम नहीं थी।
उदयपुर जूलॉजिकल के अधिकारियों को यह बात समझ में नहीं आ रही थी कि रामा को कैसे हैंडल किया जाए, क्योंकि उसे समझाने में परेशानी हो रही थी। तब अधिकारियों ने चेन्नई से चेलैया को बुलाया गया, जिन्होंने रामा की परवरिश की है। वन विभाग के सीनियर अधिकारी टी मोहन ने बताया कि चेलैया ने रामा को तमिल में जो भी कहा, उसने उसका पालन किया। वैसे, रामा का जन्म दिल्ली में हुआ था लेकिन उसका लालन-पालन चेन्नई में हुआ है।
अब रामा की समस्या को सुलझाने के लिए उदयपुर जूलॉजिकल पार्क के नए केयर टेकर राम सिंह को कुछ तमिल सिखाई गई है। राम सिंह का कहना है कि "रामा को हिन्दी भाषा नहीं आती। इसको तमिल भाषा में समझाना पड़ता था। जैसे 'पो' मतलब बाहर जाना, 'व' मतलब अंदर आना। अब यह धीरे-धीरे फ्रेंडली हो गया है और उम्मीद है कि आगे इसको हिंदी आने लगेगी। रामा को देखने के लिए जूलॉजिकल पार्क में काफी भीड़ जुट रही है।