फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गडकरी का रियलिटी चेक, लबान इंटरचेंज से गोपालपुरा तक हाई प्रोफाइल दौरा

Wed, 08 Jul 2026 06:51 PM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के निरीक्षण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को राजस्थान पहुंचे। इस दौरान प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उनका स्वागत किया। बता दें कि गडकरी सड़क मार्ग से दिल्ली से कोटा पहुंचेंगे।
विज्ञापन
1 of 7
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता जांचने पहुंचे गडकरी - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे की गुणवत्ता, सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पिछले कुछ समय से उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को सड़क मार्ग से दिल्ली से कोटा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक्सप्रेस वे का जमीनी निरीक्षण किया। दौरे के विभिन्न चरणों में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी कार्यक्रम से जुड़े। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और परियोजना के शेष कार्यों की समीक्षा की गई।

विज्ञापन

2 of 7
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया स्वागत - फोटो : अमर उजाला
पिनान से शुरू हुआ निरीक्षण
राजस्थान में प्रवेश के बाद अलवर जिले के पिनान स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत किया गया। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एक्सप्रेस वे को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-सुविधा केंद्रित बनाने के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाएं राजस्थान में विकास, निवेश, पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी को नई गति दे रही हैं।
विज्ञापन

3 of 7
लालसोट विधायक ने साफा बांधकर किया स्वागत - फोटो : अमर उजाला
लालसोट में राजस्थानी परंपरा से हुआ स्वागत
इसके बाद केंद्रीय मंत्री का काफिला दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र पहुंचा, जहां डूंगरपुर टोल के पास विधायक रामविलास मीणा ने पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का भी अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक रामविलास मीणा ने केंद्रीय मंत्री को क्षेत्र के सड़क विकास, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास परियोजनाओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। गडकरी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मांगों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।

4 of 7
दौसा में बस अग्निकांड स्थल पर नहीं रुका काफिला - फोटो : अमर उजाला
बस अग्निकांड स्थल पर नहीं रुका काफिला
दौरे के दौरान करीब 70 वाहनों का काफिला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से होकर दौसा के धनावड़ रेस्ट एरिया के रास्ते कोटा की ओर रवाना हुआ। हाल ही में एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण बस अग्निकांड के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि केंद्रीय मंत्री घटनास्थल पर रुककर हालात का जायजा लेंगे और अधिकारियों से जानकारी लेंगे लेकिन काफिला बिना रुके आगे बढ़ गया।

काफिले के घटनास्थल पर नहीं रुकने से प्रभावित क्षेत्र के कुछ लोगों और आसपास के ग्रामीणों में मायूसी देखने को मिली। वहीं पूरे दौरे के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर रहे। एक्सप्रेस वे पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई।
विज्ञापन

5 of 7
NHAI अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक - फोटो : अमर उजाला
दरा टनल का निरीक्षण और समीक्षा बैठक
कोटा पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दरा टनल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद गोपालपुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के साथ परियोजना की समीक्षा बैठक भी होगी। बैठक में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के शेष कार्य, सड़क सुरक्षा, यातायात सुविधाएं, क्षेत्रीय विकास और परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

एक्सप्रेस वे की गुणवत्ता पर बनी हुई है नजर
गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे को लेकर हाल के दिनों में सड़क की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो और तस्वीरें चर्चा का विषय बने। ऐसे में केंद्रीय मंत्री का यह दौरा परियोजना की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यक सुधारों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन

6 of 7
लबान इंटरचेंज पर निर्माण कार्यों का जायजा लेते गडकरी - फोटो : अमर उजाला
लबान इंटरचेंज पर निर्माण कार्यों का लिया जायजा
इसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बूंदी जिले के लबान इंटरचेंज पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस वे के विभिन्न खंडों का निरीक्षण किया। तीनों नेताओं ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रुककर सड़क निर्माण, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। लबान इंटरचेंज पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। 

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने भी तीनों नेताओं का स्वागत और अभिनंदन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
जनसभा को संबोधित करते नितिन गडकरी - फोटो : अमर उजाला
गोपालपुरा-मंडाना में जनसभा को किया संबोधित
निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोटा जिले के गोपालपुरा-मंडाना पहुंचे और वहां आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस वे परियोजना को राजस्थान के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सड़क अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश और विकास कार्यों पर अपने विचार रखे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें