राजस्थान के जोधपुर जिले के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार रात भयावह हादसे ने 15 लोगों की जान ले ली। कोलायत मेला दर्शन कर लौट रहे भक्तों से भरी टैंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी थी। 10 से 12 लोग घायल हैं, जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। प्रथम दृष्टया हादसे की वजह टैंपो ट्रैवलर की तेज रफ्तार बनी। रफ्तार के कारण चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
बता दें कि सभी मृतक जोधपुर के सूरसागर के रहने वाले थे। फलौदी थाना प्रभारी अमानाराम ने बताया कि ये परिवार कोलायत मेला दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान ये भीषण हादसा हो गया। 15 की मृत्यु की पुष्टि हुई है। इसमें 4 बच्चे, एक ड्राइवर और 10 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।