फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Holi: राजस्थान में खूब उड़ा रंग ! विदेश पर्यटकों और नेताओं ने भी खेली होली

Tue, 03 Mar 2026 07:43 PM IST
Ashutosh Pratap Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर/उदयपुर/कोटा/कोटा

सार

राजस्थान में इस बार होली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा में होली के खास रंग देखे गए। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कोटा में होली खेली। वहीं जयपुर में विदेशी पर्यटक पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित होली के कार्यक्रम में शामिल हुए। 
विज्ञापन
1 of 3
विदेशी पर्यटक और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला होली मनाते हुए - फोटो : अमर उजाला
राजधानी जयपुर के खासा कोठी होटल परिसर में भी होली का रंगीन जश्न देखने को मिला। यहां होली उत्सव में दुनिया के कोने-कोने से मेहमान पहुंचे। डीजे की धुन पर विदेशी मेहमानों ने जमकर डांस किया। करीब 25 से 30 देशों के पर्यटकों ने इस होली फेस्टिवल में भाग लिया। कुल मिलाकर लगभग 3500 से 4000 पर्यटक कार्यक्रम में पहुंचे। पर्यटकों ने यहां के म्यूजिक और फोक कलाकारों का खूब आनंद लिया। पर्यटन विभाग की ओर से गुलाल की व्यवस्था की गई थी। सैलानियों ने दाल के पकोड़े, ठंडाई और राजस्थान के अन्य पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। डीजे की धुन पर सभी ने होली फेस्टिवल का भरपूर आनंद उठाया। यहां ईरान के लोग भी होली  में शामिल हुए।



होली के रंग में सांसद और विधायक भी रंगे नजर आए। जयपुर में अमर उजाला ने लोगों के साथ-साथ जयपुर सांसद मंजू शर्मा से बात की। उन्होंने कहा कि हमारे हर पर्व के पीछे एक विज्ञान छिपा हुआ है। इस पर्व में गिले शिकवे मिटाने चाहिए। जयपुर में सूतक लगने से पहले होली खेली गई है। हमारे यहां दो दिन होली मनेगी। वहीं  विधायक बाल मुकुंद ने कहा कि पूरा प्रदेश आनंद के साथ होली मना रहा है। 

विज्ञापन

2 of 3
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोगों संग खेली होली - फोटो : अमर उजाला
कोटा जिले में भी होली का पहला दिन धूमधाम से मनाया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर होली अगले दिन मनाई जाएगी। कोटा दौरे पर मौजूद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचकर लोगों के साथ होली खेली। उन्होंने कैथूनीपोल इलाके में आमजन के बीच रंग खेला। कई लोगों ने उन्हें गुलाल लगाया। ओम बिरला हर साल अपने क्षेत्र में लोगों के बीच रहकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है और इसे अपनों के बीच ही मनाना चाहिए। यह क्षेत्र उनका परिवार है और परिवार के साथ ही सभी त्योहार मनाए जाते हैं।




कोटा में कोड़े मार होली की परंपरा कायम
कोटा में पूर्व राज परिवार ने कोड़े मार होली की परंपरा निभाई। पूर्व सांसद और राज परिवार के सदस्य इज्यराज सिंह ने बताया कि यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। इस अनोखी होली में महिलाएं पुरुषों पर कोड़े बरसाती हैं और पुरुष खुद को बचाते हुए महिलाओं पर डोलची से रंग डालते हैं। जर्मनी से आए पर्यटकों ने भी इस खास परंपरा का आनंद लिया और गुलाल लगवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
जोधपुर में धुलंडी पर रंगों की बौछार - फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में धुलंडी पर रंगों की बौछार
जोधपुर में होली के दूसरे दिन धुलंडी पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह से ही गलियां गुलाल, अबीर और रंगीन पानी से सराबोर नजर आईं। युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमती रहीं। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठाई बांटते और गले मिलकर शुभकामनाएं देते दिखे। विदेशी पर्यटक भी स्थानीय लोगों के साथ रंगों के इस उत्सव में शामिल हुए, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया।

जोधपुर के उम्मेद चौक स्थित पुरबियों के मोहल्ले में पारंपरिक कड़ाई होली खास आकर्षण रही। चौक में बड़ी कड़ाई रखकर उसमें पानी भरा गया और लोगों को उसमें डालकर होली की बधाई दी गई। मोहल्ला समिति अध्यक्ष शिव सिंह ने बताया कि यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और शहर में बहुत कम जगहों पर देखने को मिलती है। कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि हर साल मोहल्ले के लोग मिलकर इस आयोजन को सफल बनाते हैं।

घंटाघर में गोरिल्ला बना आकर्षण
जोधपुर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र में एक युवक ने गोरिल्ला का स्वांग रचकर लोगों का मनोरंजन किया। गोरिल्ला की वेशभूषा में कलाकार ने नृत्य और मजेदार हाव-भाव से बच्चों को खूब आकर्षित किया। बच्चे उसके साथ फोटो खिंचवाने और रंग खेलने के लिए उत्साहित दिखे। धुलंडी पर जोधपुर में रंग, खुशी और भाईचारे का सुंदर मेल देखने को मिला।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें